कांग्रेस और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के सदस्यों ने मंगलवार को संसद में मांग की है कि वायनाड में हुए भीषण भूस्खलन को राष्ट्रीय आपदा घोषित किया जाए, जिसमें 63 लोगों की मौत हो गई. माकपा सांसद जॉन ब्रिटास ने रक्षा, गृह और वित्त मंत्रालय से सहायता मांगी है. राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने वायनाड भूस्खलन में लोगों की मौत पर चिंता जताई. उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें आवश्यक कदम उठा रही हैं.
राज्यसभा में बोलते हुए केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार इस त्रासदी को देखते हुए सक्रिय रूप से काम कर रही है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के साथ समन्वय में काम किया जा रहा है. नड्डा ने कहा कि मैं कहना चाहूंगा कि यह केवल केरल की त्रासदी नहीं है, बल्कि पूरा देश चिंतित है. प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार सक्रिय रूप से काम कर रही है और केरल में राहत कार्य के लिए हर संभव प्रयास कर रही है. सरकार की ओर से मैं आपको आश्वस्त करता हूं कि जो भी आवश्यक होगा, वह किया जाएगा.
प्रधानमंत्री ने केरल के मुख्यमंत्री से की बात
प्रधानमंत्री ने केरल के मुख्यमंत्री से बात की और उन्हें आश्वासन दिया. नड्डा ने आगे कहा कि राहत के लिए केंद्रीय एजेंसियों से सहायता प्रभावित स्थल पर पहुंच गई है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के साथ समन्वय में काम किया जा रहा है. अभी प्राथमिक काम शवों को बरामद करना और जिन्हें बचाया जा सकता है उन्हें बचाना है. हमें आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली को सक्रिय करना चाहिए. यह सब किया जा रहा है.
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि वह गृह मंत्रालय से अनुरोध करेंगे कि विस्तृत जानकारी मिलने के बाद सदन में विस्तृत बयान दिया जाए. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने स्थिति का जायजा लेने के लिए सुबह-सुबह राज्य मंत्री जॉर्ज कुरियन को केरल भेजा थ. उन्होंने कहा कि एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सीएपीएफ और सशस्त्र बलों को तैनात किया गया है.
यह भी पढ़ें- Landslide in Wayanad: वायनाड भूस्खलन में मरने वालों की संख्या हुई 63, 116 घायल
मंत्री राजेश ने कहा कि अब तक 250 लोगों को बचाया गया है और उन्हें अस्थायी आश्रय स्थलों में भेजा गया है. उन्होंने कहा कि बचाव अभियान युद्ध स्तर पर चलाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अभियान की बारीकी से निगरानी कर रहे हैं और उन्होंने मंत्रियों की एक टीम वायनाड भेजी है. अबतक 63 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है.