नई दिल्ली: पाकिस्तान ने एक बार फिर इजरायल को नक्शे से मिटाने की धमकी दी है. दरअसल, आर्मी चीफ फील्ड मार्शल आसिम मुनीर को निशाना बनाने की इजराइली खुफिया एजेंसी मोसाद की कथित साजिश का बड़ा दावा सामने आया था. ब्राजीलियाई पत्रकार पेपे एस्कोबार ने एक पॉडकास्ट में खुलासा किया कि इजराइली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू के आदेश पर मोसाद ने स्विट्जरलैंड में आसिम मुनीर और उनके डेलिगेशन को मारने की योजना बनाई थी.
पत्रकार के मुताबिक, स्विट्जरलैंड के बर्गनस्टॉक रिजॉर्ट में अमेरिका-ईरान के बीच चल रही अप्रत्यक्ष बातचीत के दौरान (जिसमें पाकिस्तान मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा था) यह प्लान तैयार किया गया था. जब पाकिस्तानी खुफिया एजेंसियों को इस कथित प्लान की भनक लगी, तो पाकिस्तान ने इजराइल को सीधा कड़ा संदेश भेजा.
एस्कोबार के दावे के अनुसार पाकिस्तान ने कहा, ''अगर हमारे किसी अधिकारी को छुआ भी, तो हम इजराइल को दुनिया के नक्शे से मिटा देंगे.'' इस दावे से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हड़कंप मच गया है.
इजराइल या मोसाद की तरफ से अब तक इस दावे पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है. यह पूरा मामला ब्राजीलियाई पत्रकार पेपे एस्कोबार और लेबनानी-ऑस्ट्रेलियाई विश्लेषक मारियो नावफल के पॉडकास्ट में सामने आया है.