नई दिल्ली : ईरान-अमेरिका तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य में बढ़ते संकट के बीच पाकिस्तान सरकार ने आम लोगों को कुछ राहत देते हुए पेट्रोल की कीमत में 4 रुपये प्रति लीटर की कटौती की है. पेट्रोलियम डिवीजन द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार नई कीमतें तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं. इसके बाद पेट्रोल की कीमत 381.78 रुपये प्रति लीटर से घटकर 377.78 रुपये प्रति लीटर हो गई है. हालांकि, हाई-स्पीड डीजल (HSD) की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया और यह 380.78 रुपये प्रति लीटर पर स्थिर बनी हुई है.
दूसरी ओर, मिट्टी के तेल (केरोसीन) की कीमत में 8.70 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है. नई दर लागू होने के बाद केरोसीन 280.70 रुपये प्रति लीटर में उपलब्ध होगा. पाकिस्तान सरकार फरवरी के अंत से ईंधन की कीमतों की साप्ताहिक समीक्षा कर रही है, जिसके चलते अंतरराष्ट्रीय बाजार के उतार-चढ़ाव का सीधा असर घरेलू कीमतों पर पड़ रहा है.
विशेषज्ञों का मानना है कि ईरान-अमेरिका तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य से जुड़े जोखिमों ने वैश्विक तेल बाजार में अनिश्चितता बढ़ा दी है. यह जलमार्ग दुनिया की कुल तेल और गैस आपूर्ति का लगभग 20 प्रतिशत हिस्सा संभालता है. पाकिस्तान अपनी ऊर्जा जरूरतों के लिए काफी हद तक इसी मार्ग से आने वाले तेल पर निर्भर है.
गौरतलब है कि इससे पहले 29 मई को भी पाकिस्तान सरकार ने पेट्रोल और डीजल दोनों की कीमतों में 22-22 रुपये प्रति लीटर की बड़ी कटौती की थी. उस समय सरकार ने इसे ईद-उल-अजहा से पहले जनता को दिया गया विशेष तोहफा बताया था. अब एक बार फिर पेट्रोल सस्ता होने से वाहन चालकों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है.