33 छक्के, 44 चौके और 493 रन... पप्पू यादव के बेटे सार्थक रंजन ने DPL 2026 में मचाया तहलका, ऑरेंज कैप पर कब्जा लेकिन टीम प्लेऑफ से बाहर

Amanat Ansari 28 Aug 2026 05:50 PM 1 Mins
33 छक्के, 44 चौके और 493 रन... पप्पू यादव के बेटे सार्थक रंजन ने DPL 2026 में मचाया तहलका, ऑरेंज कैप पर कब्जा लेकिन टीम प्लेऑफ से बाहर

नई दिल्ली: दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) 2026 में लोकसभा सांसद पप्पू यादव के बेटे सार्थक रंजन ने बल्लेबाजी का ऐसा कमाल दिखाया कि पूरा टूर्नामेंट उनके नाम रहा. नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स के कप्तान ने 9 पारियों में 493 रन बनाए और ऑरेंज कैप पर अपना कब्जा कायम रखा. उनके नाम 33 छक्के और 44 चौके भी दर्ज हुए, लेकिन उनकी टीम प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई.

सार्थक रंजन ने सीजन में लगातार शानदार प्रदर्शन किया. उनके स्कोर रहे— 64, 95, 65, 57, 59, 10, 78, 45 और 20. स्ट्राइक रेट 167.69 और औसत 54.78 रहा. कप्तान के रूप में उन्होंने टीम को आगे से नेतृत्व दिया और लगभग हर मैच में अहम योगदान दिया. रन लिस्ट में दूसरे नंबर पर सेंट्रल दिल्ली किंग्स के यश ढुल हैं, जिन्होंने 9 मुकाबलों में 410 रन बनाए. यश की टीम प्लेऑफ में पहुंच गई, लेकिन वे दलीप ट्रॉफी के लिए ईस्ट जोन की टीम में चुने जाने के कारण प्लेऑफ मैच नहीं खेल पाएंगे. ऐसे में सार्थक रंजन ऑरेंज कैप की रेस में आगे बने हुए हैं.

नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स अंकतालिका में पांचवें स्थान पर रही. टीम ने 10 मैचों में 4 जीत, 5 हार और एक मैच बिना नतीजे के खेला. प्लेऑफ में सेंट्रल दिल्ली किंग्स, साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज, पुरानी दिल्ली 6 और आउटर दिल्ली वॉरियर्स पहुंचे. फाइनल 30 अगस्त को अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा.

सार्थक रंजन के पिता पप्पू यादव बिहार की पूर्णिया लोकसभा सीट से सांसद हैं, जबकि मां रंजीत रंजन राज्यसभा सांसद हैं. सार्थक आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के साथ जुड़े हुए हैं, लेकिन पिछले सीजन में उन्हें कोई मौका नहीं मिला. अब नजरें इस बात पर होंगी कि क्या अगले सीजन में KKR उन्हें मौका देती है और वे बड़े मंच पर भी धमाल मचाते हैं.

Sarthak Ranjan Sarthak Ranjan DPL 2026 Delhi Premier League 2026 Orange Cap

Recent News