बाबा सिद्दीकी (Baba Siddiqui) की हत्या के बाद लॉरेंस बिश्नोई (Lawrence Bishnoi) पर बयान देने को लेकर पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव (Pappu Yadav) इन दिनों चर्चा में हैं. इसी बीच उनकी पत्नी रंजीत रंजन (Ranjit Ranjan) ने सांसद पप्पू से संबंधों को लेकर बड़ा खुलासा किया है. मीडिया कर्मियों ने जब रंजीत रंजन से पप्पू यादव को धमकी देने को लेकर सवाल पूछा तो, उन्होंने ऐसा जवाब दिया, जिसे सुन कर सभी हक्के बक्के रह गए. रंजीत रंजन ने कहा कि मेरा और पप्पू का यादव का राजनीतिक जीवन अलग-अलग है. उन्होंने कहा कि अभी हम दोनों के बीच में मतभेद है और हम डेढ़ दो साल से अलग रह रहे हैं. उन्होंने जो कुछ भी कहा उससे मेरा और मेरे बच्चों का कोई लेनादेना नहीं है.
बता दें कि बाबा सिद्दीकी की हत्या के बाद पप्पू यादव ने कहा था कि अगर सरकार इजाजत दे तो 24 घंटे के अंदर लॉरेंस बिश्नोई गैंग को खत्म कर दूंगा. जिसके बाद पप्पू यादव आलोचकों के निशाने पर आ गए थे. हालांकि मीडिया कर्मियों के सवाल पूछे जाने पर पप्पू यादव भड़कते नजर आए. जिसके बाद दावा किया जाने लगा कि पप्पू यादव डर गए हैं.
फिर दोबारा उन्होंने लॉरेंस बिश्नोई को सीधी चुनौती दी थी. पप्पू ने शोसल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लॉरेंस को चुनौती देते हुए लिखा था कि मैं मुंबई आ रहा हूं. इसे लेकर पप्पू यादव को कई बार धमकी भी दी गई है. जिसे लेकर पप्पू यादव ने बिहार के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को तत्काल कार्रवाई का आग्रह किया. पप्पू यादव ने महाराष्ट्र सरकार की "पूर्ण अराजकता" के लिए भी निंदा की और आरोप लगाया कि सरकार ने बाबा सिद्दीकी की हत्या को सार्वजनिक रूप से होने दिया. इसे अपमानजनक बताते हुए उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि बिहार के बेटे बाबा सिद्दीकी की हत्या बेहद दुखद है. अगर भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार अपने प्रभावशाली नेताओं की रक्षा नहीं कर सकती, तो आम लोगों के लिए क्या उम्मीद है?