नई दिल्ली: भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह ने बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है. वे काराकाट विधानसभा सीट से निर्दलीय मैदान में उतरेंगी. पवन सिंह इसी सीट से 2024 के लोकसभा चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में सांसद का चुनाव लड़ चुके हैं. उन्हें हार का सामना करना पड़ा था. साथ ही, एनडीए के उम्मीदवार उपेंद्र कुशवाहा को भी हार मिली थी.
यही कारण है कि बीजेपी ने पवन सिंह को पार्टी में शामिल करवाया और दावा किया जा रहा है था कि भाजपा की टिकट पर पवन सिंह भी चुनाव लड़ सकते हैं. लेकिन पारिवारिक विवाद के कारण पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह उनके विरोध में उतर गई हैं. उन्होंने ऐलान किया कि वे निर्दलीय ही चुनाव लड़ेंगी.
हालांकि कुछ दिनों पहले ज्योति सिंह ने जनसुराज पार्टी के मुखिया प्रशांत किशोर से भी मुलाकात की थी. अटकलें लगाई जा रही थीं कि जनसुराज की टिकट पर ज्योति सिंह चुनाव लड़ सकती हैं. लेकिन अब फाइनल रूप से उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है.
उधर, पवन सिंह पहले ही कह चुके हैं कि वे चुनाव नहीं लड़ेंगे. ज्योति सिंह के काराकाट विधानसभा से उतरने के बाद यह सीट हॉट सीट बन गई है. यहां अब एनडीए, महागठबंधन, जनसुराज और ज्योति सिंह के साथ अन्य दल व निर्दलीय उम्मीदवार भाग्य अजमाएंगे. यह देखना दिलचस्प होगा कि कौन बाजी मार ले जाता है. दावा किया जा रहा है कि ज्योति सिंह के चुनाव लड़ने से महांगठबंधन उम्मीदवार को बढ़त मिल सकती है.