TMC ने उसकी बेटी छीन ली: आरजी कर रेप पीड़िता की मां के साथ रैली में बोले PM मोदी

Amanat Ansari 24 Apr 2026 03:13: PM 2 Mins
TMC ने उसकी बेटी छीन ली: आरजी कर रेप पीड़िता की मां के साथ रैली में बोले PM मोदी

कोलकाता: आरजी कर रेप-मर्डर मामले में तृणमूल कांग्रेस पर अब तक के सबसे तीखे हमले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पीड़िता की मां ने अपनी बेटी को डॉक्टर बनाने के लिए बहुत मेहनत की, लेकिन टीएमसी के ''जंगल राज'' ने उनकी बेटी को छीन लिया. दुमदुम में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने आरजी कर पीड़िता की मां के साथ मंच साझा किया और कहा कि तृणमूल कांग्रेस महिलाओं की सुरक्षा करने में पूरी तरह नाकाम रही और न्याय की उनकी मांग को दबाने की कोशिश की.

पीएम मोदी ने कहा कि मां ने अपनी बेटी को डॉक्टर बनाया. लेकिन टीएमसी ने उस बेटी को उनसे छीन लिया. हमने उस मां को उम्मीदवार बनाया है. आरजी कर रेप मामले की पीड़िता की मां रत्ना देबनाथ को भाजपा ने उनके गृह क्षेत्र पानीहाटी से बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया है. शुक्रवार को वे प्रधानमंत्री के साथ मंच पर मौजूद रहीं.

पीएम मोदी ने आरजी कर और संदेशखाली का मुद्दा उठाया

31 वर्षीय प्रशिक्षु डॉक्टर का शव 9 अगस्त 2024 को कोलकाता के सरकारी आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के सेमिनार हॉल में मिला था. कोलकाता पुलिस के सिविक वॉलंटियर संजय रॉय को गिरफ्तार किया गया और देशव्यापी आक्रोश के बीच उसे उम्रकैद की सजा सुनाई गई. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में कहा गया कि उसके साथ बलात्कार किया गया, गला घोंटकर और दबाकर उसकी हत्या कर दी गई.

प्रधानमंत्री ने संदेशखाली का भी जिक्र किया, जहां 2024 में जमीन हड़पने और यौन उत्पीड़न के आरोपों ने सुर्खियां बटोरी थीं. उन्होंने कहा कि भाजपा ने वहां पीड़िताओं को नेतृत्व देने का मौका दिया. पीएम मोदी ने टीएमसी पर आरोप लगाया कि वह महिलाओं को आवाज उठाने से रोकती है. 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने संदेशखाली की एक पीड़िता रेखा पात्रा को बसीरहाट से टिकट दिया था, हालांकि वे चुनाव हार गईं.

पीएम मोदी ने आगे कहा कि जब बंगाल की बेटियां न्याय मांगती हैं, तो टीएमसी उन्हें कहती है कि घर से बाहर न निकलें, वरना बलात्कार हो जाएगा. टीएमसी नहीं चाहती कि महिलाएं सपने देखें. पिछले चुनावों से साफ है कि महिला मतदाता चुनावी नतीजों में निर्णायक भूमिका निभा रही हैं. भाजपा अच्छी तरह जानती है कि पिछले चुनावों में महिला वोटर ममता बनर्जी की सबसे बड़ी ताकत रही हैं. यही वजह है कि पीएम मोदी महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे पर टीएमसी पर लगातार हमलावर हैं.

रैली के अंत में पीएम मोदी ने कहा कि 4 मई को जब भाजपा सरकार बनेगी, तो बंगाल की बेटियों के साथ हुए सभी अत्याचारों की फाइलें खोली जाएंगी. यह मोदी की गारंटी है. बता दें कि बंगाल में पहले चरण के मतदान संपन्न हो चुके हैं, आब दूसरे दौर की तैयारी चल रही है. भाजपा और टीएमसी लगातार एक दूसरे पर तंज कस रहे हैं.

PM Modi RG Kar rape RG Kar victim mother

Recent News