पश्चिम बंगाल में राहुल गांधी से पीएम मोदी ने कहा- 'डरो मत, भागो मत', टीएमसी पर भी साधा निशाना

Global Bharat 03 May 2024 01:05: PM 2 Mins
पश्चिम बंगाल में राहुल गांधी से पीएम मोदी ने कहा- 'डरो मत, भागो मत', टीएमसी पर भी साधा निशाना

शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के बर्धमान में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा है. रैली में पीएम मोदी ने राहुल गांधी सहित तमाम विपक्षी पार्टियों को आड़े हाथों लिया है. इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने राहुल गांधी के रायबरेली से लोकसभा चुनाव लड़ने के फैसले पर भी कटाक्ष किया. पीएम मोदी ने कहा कि राहुल गांधी डर के कारण रायबरेली भाग गए. पीएम मोदी ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी से कहा- 'डरो मत, भागो मत'.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मुझे देश ने और आप सबने इतना आशीर्वाद दिया है कि कोई इंसान अपने जीवन में ऐसी कल्पना तक नहीं कर सकता है कि ईश्वर रूपी जनता जनार्दन इतने आशीर्वाद बरसाएं और लगातार बरसाएं और वर्षों से ये आशीर्वाद बढ़ता ही जा रहा है. जीवन में इससे बड़ा संतोष क्या होता है.

पीएम मोदी ने कहा कि मैं मौज करने के लिए पैदा नहीं हुआ हूं और न ही मैं खुद के लिए जीना नहीं चाहता हूं. मैं केवल आपकी सेवा का संकल्प लेकर, महान भारत माता के 140 करोड़ देशवासियों की सेवा करने के लिए निकला हूं. मोदी विकसित भारत बनाने के लिए, आत्मनिर्भर भारत बनाने के लिए दिन-रात एक किए हुए है. ये मैं अपने लिए नहीं, बल्कि अपनों के लिए कर रहा हूं. मेरे अपने मतलब - मेरा भारत, मेरा परिवार. आपके सपनों के लिए संकल्प लेकर जी रहा हूं.

विपक्षी पार्टियों टीएमसी, कांग्रेस और लेफ्ट पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा कि इन पार्टियों के पास विजन नहीं है. उन्होंने लेफ्ट पर पड़ोसी राज्य त्रिपुरा को तबाह करने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि लेफ्ट, कांग्रेस और टीएमसी किसी राज्य का क्या हाल कर सकती हैं, ये आप अच्छी तरह जानते हैं. यहां पास में ही त्रिपुरा है, जिसे लेफ्ट वालों ने तबाह कर रखा था, लेकिन पिछले पांच साल में भाजपा ने पूरे त्रिपुरा की जिंदगी बदल दी.

टीएमसी पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा कि मैंने कल टीवी पर देखा कि यहां बंगाल में टीएमसी के एक विधायक ने सरेआम धमकी दी. वो कह रहे थे कि हिंदुओं को दो घंटे में भागीरथी में बहा देंगे. ये कौन सी भाषा है? बंगाल में टीएमसी की सरकार ने यहां हिंदुओं को दोयम दर्जे का नागरिक बनाकर रख दिया है. ये कैसे लोग हैं कि जय श्रीराम के उदघोष से भी इन्हें आपत्ति है. इनको राम मंदिर के निर्माण से आपत्ति है, रामनवमी की शोभायात्रा से आपत्ति है.

राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए पीएम ने कहा कि कांग्रेस सांसद डर गए, इसलिए वह रायबरेली से चुनाव लड़ रहे हैं. मैंने पहले ही ये भी बता दिया था कि शहजादे वायनाड में हार के डर से अपने लिए दूसरी सीट खोज रहे हैं. अब इन्हें अमेठी से भागकर रायबरेली सीट चुननी पड़ी है. ये लोग घूम-घूम कर सबको कहते हैं- डरो मत! मैं भी इन्हें यही कहूंगा-डरो मत! भागो मत!.

Recent News