नई दिल्ली: 80वें स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले से दिए गए अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के युवाओं और प्रतिभाशाली छात्रों का जिक्र करते हुए मैथ्स ओलंपियाड विजेता श्रेया शांतनु मुंधाडा का नाम लिया. मुंबई की इस मेहनती छात्रा ने यूरोपियन गर्ल्स मैथेमेटिकल ओलंपियाड (EGMO) 2026 में गोल्ड मेडल जीतकर भारत का गौरव बढ़ाया है.
श्रेया शांतनु मुंधाडा फ्रांस के बॉरडो में आयोजित EGMO 2026 में 42 में से 35 अंक हासिल कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया. वह इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतने वाली पहली भारतीय छात्रा बन गईं. उनकी इस उपलब्धि की बदौलत भारतीय टीम ने 67 देशों के बीच छठा स्थान हासिल किया. टीम ने एक गोल्ड, एक सिल्वर और एक ब्रॉन्ज मेडल भी जीते.
इससे पहले अप्रैल 2026 में प्रधानमंत्री मोदी ने अपने लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ में भी श्रेया की सफलता की सराहना की थी. श्रेया ने पीएम की प्रशंसा पर आभार जताते हुए कहा था कि यह सम्मान उन्हें और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करता है.
European Girls Mathematical Olympiad दुनिया की प्रमुख गणित प्रतियोगिताओं में से एक है, जिसमें विभिन्न देशों की स्कूली छात्राएं भाग लेती हैं. श्रेया की सफलता सिर्फ व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि देश की उन लाखों बेटियों के लिए प्रेरणा है जो साइंस और मैथ्स के क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहती हैं.