देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम करीब 6:30 बजे भाजपा मुख्यालय पहुंचेंगे और भाजपा कार्यकर्ताओं से मिलेंगे. इस दौरान लोकसभा चुनाव में जीत के लिए उनके प्रयासों के लिए उन्हें धन्यवाद देंगे. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रधानमंत्री करीब 100-150 कार्यकर्ताओं से मिलेंगे, जिन्होंने पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए तीन महीने तक 24 घंटे अथक परिश्रम किया.
प्रधानमंत्री इन लोगों से हालचाल पूछेंगे व कार्यालय की दिन-प्रतिदिन की गतिविधियों के बारे में भी जानकारी लेंगे. हालांकि यह पहली बार नहीं है कि पीएम मोदी किसी कार्यकर्ता से बात कर रहे हैं. पीएम मोदी 2014 और 2019 के लोकसभा चुनावों के बाद भी इसी तरह पार्टी कार्यकर्ताओं से मिले थे और उनका मनोबल बढ़ाया था.
यह भी पढ़ें- UP के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य बीजेपी के लिए इतने जरूरी क्यों हैं?
इसी बीच बीजेपी नेता की तरफ से कहा गया है कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है और शीर्ष नेतृत्व लगातार कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने और उनके प्रयासों को प्रोत्साहित करने के लिए उनसे जुड़ता रहता है.
केंद्रीय मंत्रिमंडल की हुई बैठक
भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बैठक से पहले गुरुवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक भी हुई है. गौरतलब हो कि 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने बहुत जबरदस्त प्रचार किया था, जिसमें वे सिर्फ 240 सीटें जीतने में सफल रहे, जो 2019 में मिली सीटों से 63 कम है. वहीं उत्तर प्रदेश में वे बुरी तरह से हार गए और पिछले कार्यकाल में 61 सीटों से इस बार सिर्फ 33 सीटें जीत पाए.