PM Narendra Modi Israel visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इजरायल दौरे को लेकर अहम जानकारी सामने आई आई है. मीडिया रिपोर्ट्स से जानकारी मिली है कि 25 और 26 फरवरी को इजरायल की यात्रा करने वाले हैं. यह उनकी दूसरी इजरायल यात्रा होगी. इसकी घोषणा सबसे पहले इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने रविवार को अमेरिकी प्रमुख यहूदी संगठनों के सम्मेलन में अपने संबोधन के दौरान की थी. नेतन्याहू ने वहां मौजूद लोगों से कहा, "अगले हफ्ते कौन आ रहा है? नरेंद्र मोदी."
उन्होंने दोनों देशों के बीच के रिश्तों को "शानदार गठबंधन" (tremendous alliance) बताया और कहा, "इजरायल और भारत के बीच शानदार गठबंधन है और हम विभिन्न प्रकार की सहयोग पर चर्चा करने वाले हैं. अब आप जानते हैं, भारत कोई छोटा देश नहीं है. इसकी आबादी 1.4 अरब है. भारत बेहद शक्तिशाली है, बेहद लोकप्रिय है."
दूसरी इजरायल यात्रा होगी
पीएम मोदी की यह आगामी यात्रा जुलाई 2017 में उनकी ऐतिहासिक यात्रा के बाद होगी, जो किसी भारतीय प्रधानमंत्री की इजरायल की पहली यात्रा थी. उस यात्रा ने दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों में एक महत्वपूर्ण मोड़ लाया था, जो तब से रक्षा, कृषि, जल प्रबंधन, साइबर सुरक्षा और नवाचार जैसे कई क्षेत्रों में व्यापक रूप से बढ़े हैं. रक्षा संबंधों में भी लगातार वृद्धि हुई है. भारत इजरायल से उन्नत हथियार खरीदने वाले प्रमुख देशों में शामिल है, जिसमें स्पाइक एंटी-टैंक गाइडेड मिसाइल जैसी प्रणालियाँ शामिल हैं.
कांग्रेस ने साधा निशाना
हालांकि, इस घोषणा पर कांग्रेस पार्टी की ओर से आलोचना की गई है. वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने यात्रा के सार्वजनिक होने के तरीके पर सवाल उठाया और कहा कि भारत को इसकी जानकारी नेतन्याहू के बयान से मिली. एक्स पर एक पोस्ट में रमेश ने लिखा, "भारत को ऑपरेशन सिंदूर रोकने की जानकारी पहले अमेरिकी विदेश मंत्री से मिली.
भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की जानकारी पहले अमेरिकी राष्ट्रपति से मिली. अभी-अभी भारत को प्रधानमंत्री मोदी की इजरायल यात्रा की तारीखों की जानकारी भी श्री नेतन्याहू से मिली - जिन्होंने गाजा को मलबे और धूल में तब्दील कर दिया है और अब कब्जे वाले वेस्ट बैंक में और अधिक फिलिस्तीनियों को बेदखल और विस्थापित कर रहे हैं."