Tamil Nadu BJP chief vs actress Trisha: तमिलनाडु भाजपा प्रमुख एन. नैनार नागेंद्रन ने सोमवार को अभिनेत्री त्रिशा कृष्णन को लेकर की गई अपनी अपमानजनक टिप्पणी पर पछतावा जताया और माफी मांगी. यह टिप्पणी अभिनेता से नेता बने विजय पर हमला करने के संदर्भ में की गई थी. 65 वर्षीय नागेंद्रन ने कहा कि यह बयान गलती से निकल गया. त्रिशा ने भी इस पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए उन्हें घेर लिया था.
तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि बयान गलती से दिया गया था. हमारी अखिल भारतीय महिला मोर्चा प्रमुख वनथी श्रीनिवासन और अन्नामलाई ने मुझसे इस मामले पर बात की है. यदि मेरे बयान से किसी को ठेस पहुंची है, तो मैं दिल से खेद व्यक्त करता हूं.
क्या है पूरा मामला?
यह माफी उस विवाद के एक दिन बाद आई, जिसमें नागेंद्रन ने विजय की राजनीतिक महत्वाकांक्षा पर तंज कसते हुए कहा था कि विजय को त्रिशा के घर से बाहर निकलना चाहिए ताकि उन्हें अनुभव हो और राजनीति में सफलता मिले. यह टिप्पणी तब की गई जब विजय ने दावा किया था कि उनकी पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में प्रमुख चुनौती पेश करेगी.
कार्यक्रम में नागेंद्रन ने विजय का मजाक उड़ाते हुए कहा था, ''बेचारा, वह पूरी तरह अनुभवहीन है. पहले तो उसे अपने घर से बाहर निकलना चाहिए. पहले त्रिशा के घर से बाहर निकले, फिर कुछ हो सकता है.'' उन्होंने हंसते हुए यह भी कहा कि ''जो व्यक्ति छत पर भी नहीं चढ़ सकता, वह स्वर्ग पर चढ़ने का सपना देख रहा है.''
तीखी प्रतिक्रिया
इस टिप्पणी पर कई राजनीतिक नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी और इसे अनुचित करार दिया. उन्होंने भाजपा पर व्यक्तिगत हमले करने का आरोप लगाया. सत्तारूढ़ DMK के नेताओं ने कहा कि ऐसी टिप्पणियां महिलाओं के प्रति सम्मान की कमी दर्शाती हैं, जबकि कांग्रेस ने भी सवाल उठाया कि अभिनेत्री का नाम राजनीतिक बहस में क्यों लाया जा रहा है. शुरुआत में अपने बयान पर अड़े रहने और उसे वापस न लेने के बावजूद, नागेंद्रन ने सोमवार को कहा कि यदि किसी को ठेस पहुंची है तो उन्हें इस बात का अफसोस है.