Vadodara accident: वडोदरा में एक 19 साल की युवती ने कथित तौर पर थार एसयूवी से एक युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस ने यह जानकारी दी है. यह हादसा रात करीब 1 बजे हुआ युवती शादी से लौट रही थी और थार गाड़ी चला रही थी. पीड़ित के पिता की शिकायत के अनुसार, युवती ने अभिषेक मोरे की एक्टिवा स्कूटर को टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटर को काफी दूरी तक घसीटती चली गई. राहगीरों ने सड़क पर लाश पड़ी देखकर मौके पर पहुंचकर मदद की कोशिश की. पुलिस ने हादसे के समय थार में मौजूद तीन महिलाओं को हिरासत में लिया.
थार में सवार लोगों की पहचान रुशिका, तनिषा और विस्मयी के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, 19 वर्षीय रुशिका ही गाड़ी चला रही थी. तीनों बहनें शादी में शामिल होने के बाद घर लौट रही थीं और विस्मयी को उसी मोहल्ले में उसके घर छोड़ने जा रही थीं, तभी यह हादसा हुआ. प्रत्यदर्शियों और पीड़ित परिवार के आरोपों के मुताबिक, ड्राइवर तेज रफ्तार में थी और शराब के नशे में थी.
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच के बाद अधिकारियों ने मीडिया को घटना के कुछ विवरण साझा किए. पुलिस ने यह भी बताया कि घातक हादसे से दो दिन पहले इसी युवती ने उसी इलाके में महाराष्ट्र से आए एक परिवार की गन्ने के जूस की मशीन को कथित तौर पर तोड़ दिया था.
पीड़ित अभिषेक मोरे ने हाल ही में फूड डिलीवरी एग्जीक्यूटिव के रूप में काम शुरू किया था और हादसे वाला दिन उसका नौकरी का पहला दिन था. थार की टक्कर से उसे गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई. पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने 19 वर्षीय महिला को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे जांच जारी है.