नई दिल्ली: गुरुवार को दिल्ली के प्रेस क्लब ऑफ इंडिया में एक अनोखा और विवादित कार्यक्रम हुआ. यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भगवान बताते हुए उनकी पूजा की गई और ‘भगवान नरेंद्र मोदी चालीसा’ का भक्ति भाव से पाठ किया गया. कार्यक्रम में ‘जय-जय मोदी, हर-हर मोदी’ के नारे भी गूंजे.
क्या हुआ कार्यक्रम में?
‘नमह भारत’ संस्था के आयोजन में मंच पर भगवान श्रीराम की तस्वीर पर प्रधानमंत्री मोदी का चेहरा लगाकर एक तस्वीर रखी गई थी. उपस्थित लोग भक्ति भाव से आरती उतारते नजर आए. इस कार्यक्रम में बिहार किन्नर कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष डॉ. राजन सिंह प्रमुख रूप से मौजूद रहे.
राजन सिंह वही व्यक्ति हैं जिन्होंने हाल ही में पटना में 120 करोड़ रुपये की लागत से ‘भगवान नरेंद्र मोदी’ के नाम पर मंदिर बनाने की घोषणा की थी. उन्होंने मोदी को भगवान श्रीराम का अवतार बताया है. दिल्ली में मंदिर निर्माण शुरू होने से पहले ही उन्होंने चालीसा का पाठ कर दिया.
क्यों बना रहे हैं मंदिर?
राजन सिंह का कहना है कि आजादी के बाद किन्नर समुदाय को सबसे बड़े अधिकार बिहार में मोदी सरकार की वजह से मिले हैं. 2019 में ट्रांसजेंडर प्रोटेक्शन एक्ट पारित होने के कारण किन्नर समुदाय के लोग अब दरोगा, सिपाही, डॉक्टर और इंजीनियर बन रहे हैं. इसलिए वे मोदी को भगवान मानते हुए मंदिर बनाना चाहते हैं.
प्रेस क्लब ने लिया किनारा
कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रेस क्लब ऑफ इंडिया ने साफ कर दिया कि यह कार्यक्रम क्लब की ओर से नहीं आयोजित किया गया था. एक संगठन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के नाम पर हॉल किराए पर लिया था. शर्तों का उल्लंघन होने पर क्लब अधिकारियों ने तुरंत हस्तक्षेप कर कार्यक्रम रोक दिया. यह घटना सोशल मीडिया पर काफी चर्चा का विषय बनी हुई है.