शाह की बैठक में साउथ का 'शक्ति प्रदर्शन', एक मंच पर थलपति विजय, डीके शिवकुमार और चंद्रबाबू नायडू

Amanat Ansari 20 Aug 2026 03:57 PM 2 Mins
शाह की बैठक में साउथ का 'शक्ति प्रदर्शन', एक मंच पर थलपति विजय, डीके शिवकुमार और चंद्रबाबू नायडू

नई दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में गुरुवार को तमिलनाडु में दक्षिणी क्षेत्रीय परिषद की 31वीं बैठक हुई. इस बैठक में दक्षिणी भारत के प्रमुख राजनीतिक नेता एक साथ नजर आए. तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय (थलपति विजय), कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू सहित कई वरिष्ठ नेता और प्रतिनिधि मौजूद रहे.

बैठक चेन्नई से सटे चेंगलपेट जिले के कोवलम स्थित ताज फिशरमैन्स कोव होटल में आयोजित की गई. इसकी मेजबानी तमिलनाडु सरकार ने की. समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, बैठक में दक्षिणी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ-साथ केंद्र शासित प्रदेशों के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया. यह बैठक केंद्र और दक्षिणी राज्यों के बीच समन्वय, सहयोग तथा क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा का महत्वपूर्ण मंच साबित हुई.

दक्षिणी क्षेत्रीय परिषद में आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु और तेलंगाना के साथ-साथ पुडुचेरी, अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह तथा लक्षद्वीप जैसे केंद्र शासित प्रदेश शामिल हैं. गृह मंत्रालय के अनुसार, परिषद के अध्यक्ष केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह हैं, जबकि वर्तमान में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय इसके उपाध्यक्ष के रूप में कार्यरत हैं. उपाध्यक्ष का पद सदस्य राज्यों के मुख्यमंत्रियों के बीच बारी-बारी से सौंपा जाता है.

क्षेत्रीय परिषदें संविधान के तहत गठित सलाहकार निकाय हैं. इनका मुख्य उद्देश्य केंद्र सरकार, राज्य सरकारों और केंद्र शासित प्रदेशों के बीच सामान्य हित के मुद्दों पर खुली चर्चा करना तथा उनके समाधान के रास्ते निकालना है. ये परिषदें केंद्र-राज्य संबंधों को मजबूत बनाने, सदस्य राज्यों के बीच आपसी विवादों को सुलझाने और क्षेत्रीय विकास से जुड़े विषयों पर समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं.

गृह मंत्रालय की विज्ञप्ति के अनुसार, जून 2014 से लेकर अब तक के पिछले 12 वर्षों में विभिन्न क्षेत्रीय परिषदों और उनकी स्थायी समितियों की कुल 69 बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं. इन बैठकों में राज्य सरकारों, केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों की सक्रिय भागीदारी रही है.

बैठक से ठीक पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने चेन्नई में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय से मुलाकात की. इस मुलाकात का जिक्र करते हुए अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि दक्षिणी क्षेत्रीय परिषद की 31वीं बैठक से पहले चेन्नई में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय से मुलाकात की.

बैठक के समापन के बाद अमित शाह मामल्लापुरम स्थित प्राचीन तट मंदिर परिसर का दौरा करने वाले हैं. भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के अनुसार, यह परिसर न केवल भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है, बल्कि विश्व धरोहर स्थल के रूप में भी वैश्विक पहचान रखता है.

Amit Shah News Amit Shah Meeting Southern Zonal Council Tamil Nadu CM Vijay

Recent News