नई दिल्ली: महात्मा गांधी के पड़पोते तुषार गांधी बुधवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके से मिले. इस मुलाकात में उन्होंने जेन जी (Gen Z) की जमकर तारीफ की और कहा कि आज की युवा पीढ़ी ने राष्ट्रपिता के विचारों को सिर्फ प्रतीकों तक सीमित न रखकर उनके असली मूल्यों को सही मायनों में अपनाया है.
तुषार गांधी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि अब तक महात्मा गांधी को केवल स्मारकों और प्रतीकों तक सीमित कर दिया गया था. उन्होंने सरकार की नीतियों पर तंज कसते हुए कहा, “अगर स्वच्छ भारत अभियान को देखें तो उसमें बापू के चश्मे का लोगो तो लगा है, लेकिन आंतरिक स्वच्छता गायब थी. जंतर-मंतर पर हुए इस आंदोलन ने दिखा दिया है कि जेन जी ने बापू के नाम या प्रतीकों के बजाय उनके वास्तविक विचारों को अपनाया है.”
उन्होंने आगे बताया कि जेन जी को अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाते और सरकार से जवाबदेही मांगते देखकर छोटी पीढ़ी जेन अल्फा (Gen Alpha) भी प्रेरित हो रही है. CJP के इस आंदोलन को महाराष्ट्र से भी समर्थन मिल रहा है, जहां बच्चे और युवा अपनी समस्याओं पर सवाल पूछ रहे हैं. सवाल उठाना ही इस आंदोलन की सबसे बड़ी सफलता है.
अभिजीत दीपके ने कहा, “गांधीजी की विचारधारा इस देश की आत्मा है. हमारा आंदोलन इसलिए सफल हुआ क्योंकि हम उनके बताए रास्ते पर चले. हमने साबित कर दिया कि बापू के विचार कभी मर नहीं सकते.” उन्होंने गांधी परिवार से मिले समर्थन को इस बात का प्रमाण बताया कि उनका आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण और अहिंसक था और आगे भी रहेगा.
20 जुलाई को CJP के संसद मार्च के दौरान दिल्ली में प्रदर्शनकारियों और छात्रों पर पुलिस कार्रवाई हुई थी. आंसू गैस, लाठीचार्ज, शॉक बैटन और पैलेट गन के इस्तेमाल के आरोप लगे थे. सरकार द्वारा हिंसा से इनकार किए जाने पर तुषार गांधी ने कड़ा एतराज जताया.
उन्होंने केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू पर निशाना साधते हुए कहा, “यह जाहिर है कि किरेन रिजिजू ऐसा इसलिए कह रहे हैं क्योंकि वे सरकार का प्रतिनिधित्व करते हैं. हमें युवाओं के धैर्य की सराहना करनी चाहिए. अगर रिजिजू यह कहना चाहते हैं कि पुलिस ने हिंसा नहीं की तो वे सरासर झूठ बोल रहे हैं.”