नई दिल्ली: लखनऊ के गोमतीनगर थाना क्षेत्र में गुरुवार को सनसनीखेज वारदात सामने आई. बैंककर्मी मानस बाजपेई ने अपनी पत्नी दिव्या मिश्रा की गोली मारकर हत्या कर दी. इसके बाद घर पहुंचकर अपनी बहन शीबा बाजपेई को गोली मारी और खुद भी आत्महत्या कर ली. मृतका दिव्या मिश्रा मशहूर यूट्यूबर प्रज्ञा मिश्रा की बहन और ICICI बैंक में असिस्टेंट मैनेजर थीं.
जानकारी के मुताबिक, दिव्या आलमबाग में रहती थीं. गुरुवार दोपहर उनके पति मानस बाजपेई ने उन्हें बैंक के बाहर फोन कर ऑफिस से बाहर बुलाया. दोनों के बीच कुछ देर बातचीत हुई. इसके बाद मानस ने दिव्या को गोली मार दी और मौके से फरार हो गया. बताया जा रहा है कि दिव्या ने करीब एक साल पहले पति से तलाक के लिए अदालत में अपील दायर की थी.
घटना के बाद मानस सीधे करीब दो किलोमीटर दूर अपने घर पहुंचा. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वह पसीने से बुरी तरह भीगा हुआ था. घर के अंदर जाने के बाद उसने कमरे का दरवाजा बंद कर लिया. फिर अपनी बहन शीबा को गोली मार दी और खुद को भी गोली मारकर जान दे दी.
सूचना मिलने पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंचे. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं. पुलिस मामले की जांच कर रही है. वारदात से पहले मानस ने वॉट्सऐप पर एक स्टेटस भी लगाया था, जिसमें उसने पत्नी की हत्या करने की बात लिखी और आरोप लगाया कि उसने उसे धोखा दिया. स्टेटस में उसने अपनी बहन प्रज्ञा मिश्रा और उनके पति भरत यादव का भी जिक्र किया था.
घटना की जानकारी मिलने पर प्रज्ञा मिश्रा ने फेसबुक पर पोस्ट कर बताया कि उन्हें फोन आया है कि गोमतीनगर में उनकी बहन को गोली मार दी गई है और वह लोहिया अस्पताल में हैं. उन्होंने अपनी बहन की सलामती के लिए लोगों से प्रार्थना की अपील की थी. पुलिस अब पूरे घटनाक्रम और वैवाहिक विवाद से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है.