कोलकाता: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के बाद कई चुनौतियों का सामना कर रही तृणमूल कांग्रेस (TMC) को एक बड़ी राहत मिली है. वेस्ट बंगाल बार काउंसिल चुनाव में टीएमसी ने 23 में से 15 सीटें जीतकर अपना दबदबा बरकरार रखा है. वहीं भाजपा महज 3 सीटों पर सिमट गई.
नतीजे एक नजर में
सुप्रीम कोर्ट के नए नियमों के तहत 23 में से 5 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित थीं. इनमें से 4 सीटें टीएमसी और 1 सीट कांग्रेस के खाते में गईं. बार काउंसिल ऑफ इंडिया 2 और महिला सदस्यों को मनोनीत करेगी, जिसके बाद कुल सदस्य संख्या 25 हो जाएगी. भाजपा को पिछले चुनाव में भी 3 सीटें ही मिली थीं. कांग्रेस ने भी अपनी 2 सीटें बचा लीं.
हालांकि लेफ्ट फ्रंट को नुकसान हुआ और उनकी सीटें 4 से घटकर 3 रह गईं. नतीजों के बाद टीएमसी समर्थित वकीलों ने जमकर जश्न मनाया. तृणमूल लीगल सेल के शुभाशीष चक्रवर्ती सबसे बड़े अंतर से जीतने वाले उम्मीदवार बने. वैश्वानर चटर्जी, अंसार मोंडल, अशोक देब, इंद्रनील बसु और सिद्धार्थ मुखर्जी जैसे प्रमुख उम्मीदवारों ने भी जीत दर्ज की.
टीएमसी लीगल सेल के सदस्य संजय बर्धन ने बताया कि राज्य की तमाम जिला अदालतों में वकीलों ने मतदान में हिस्सा लिया. जल्द ही टीएमसी बार काउंसिल में अपना नया बोर्ड गठित करेगी. यह जीत विधानसभा चुनाव में हार के बाद टीएमसी के लिए मनोबल बढ़ाने वाली साबित हुई है.