बिहार में सियासी उठापटक, श्याम रजक ने RJD से दिया इस्तीफा, तेजस्वी ने ये कहा...

Global Bharat 22 Aug 2024 10:45: PM 1 Mins
बिहार में सियासी उठापटक, श्याम रजक ने RJD से दिया इस्तीफा, तेजस्वी ने ये कहा...

बिहार में जबरदस्त सियासी उठापटक देखने को मिल रही है, क्योंकि श्याम रजक ने RJD से इस्तीफा दे दिया है. श्याम रजक ने राष्ट्रीय जनता दल से इस्तीफा देने के बाद कहा कि वो लोग मोहरे चल रहे थे और मैं रिश्तेदारी निभा रहा था. मैं मोहरा को रिश्ता समझ रहा था, वो मोहरा को मोहरा समझ रहे थे, जिसके बाद बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव का भी बयान सामने आया है. उन्होंने कहा है कि गए हैं तो गए हैं...

दरअसल श्याम रजक ने राजद अध्यक्ष लालू यादव को संबोधित कर एक पत्र लिखा था, जिसमें उन्होंने कहा था कि वह पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव पद के साथ-साथ दल की प्राथमिक सदस्यता से भी त्यागपत्र दे रहे हैं. उन्होंने लिखा था कि मैं शतरंज का शौकिन नहीं था, इसलिए धोखा खा गया.

इस पर बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी प्रतिक्रियाएं दी हैं. उन्होंने कहा कि वह जहां भी रहें अच्छे से रहें. तेजस्वी यादव ने कहा कि अब चले गए हैं तो ठीक है, इस पर क्या कहना है, गए हैं तो गए हैं. इसपर अब कोई बात नहीं करनी है, चुनाव आने वाला है. लोग अपना-अपना देखता है कि कहीं जाना है या नहीं जाना है. उन्होंने कहा कि पार्टी को इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है.

इस्तीफा सौंपने के बाद श्याम रजक भी मीडिया के सामने आए. उन्होंने कहा कि मैं सम्मान और काम के विजन के अलावा ना ही कुछ देखता हूं, ना जानता हूं. उन्होंने कहा कि जिन मूल्यों के साथ हमने पार्टी का गठन किया था उन मूल्यों में कमी आ गई है. वहीं भविष्य की योजना पर श्याम रजक ने कहा कि मैंने इस पर अभी विचार नहीं किया है. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि मैंने इस्तीफा दे दिया है तो अब मेरे पास विकल्प भी खुले हुए हैं. उन्होंने कहा कि मेरे पास दो ही विकल्प है या तो राजनीति से संन्यास ले लूं या फिर जनता के ऋण को चुकता करूं.

Recent News