Uttar Pradesh Crime News: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में एक दुखद घटना सामने आई है, जहां पीसीएस परीक्षा की तैयारी कर रही 25 वर्षीय युवती रिया पांडेय की मौत हो गई. उसका शव सोमवार रात को राजापुर इलाके में स्थित एक लड़कियों के हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटका पाया गया.
जानकारी के अनुसार, रात लगभग 1:30 बजे दो युवक हॉस्टल पहुंचे. उन्होंने कमरे का दरवाजा तोड़कर युवती को नीचे उतारा और उसे बेली अस्पताल ले गए. वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद दोनों युवक शव को वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गए. पुलिस सूत्रों के अनुसार, इनमें से एक युवक रिया का परिचित या कथित प्रेमी बताया जा रहा है, जबकि दूसरा उसका साथी था.
रिया मूल रूप से प्रतापगढ़ जिले के अंतमऊ मानिकपुर की निवासी थीं. उनके पिता सुशील कुमार पांडेय घटना की सूचना मिलते ही प्रयागराज पहुंच गए. परिवार के सदस्यों ने बताया कि सोमवार शाम करीब 9 बजे तक रिया से बात हुई थी और उस वक्त उन्होंने किसी तरह की परेशानी जाहिर नहीं की थी.
रिया पिछले चार साल से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुटी थीं. शुरुआत में वे किराए के मकान में रहती थीं, लेकिन दो महीने पहले ही इस हॉस्टल में शिफ्ट हुई थीं. वे तीन बहनों में मध्य की थीं और उनका एक भाई भी है. घटना से एक दिन पहले रात में हॉस्टल की एक अन्य छात्रा ने रिया के भाई को फोन कर तुरंत आने को कहा था.
पुलिस जांच में पता चला है कि युवक में से एक हॉस्टल से महज 300 मीटर दूर एक निजी लाइब्रेरी चलाता है, जहां रिया नियमित रूप से पढ़ाई के लिए जाती थी. दोनों के बीच संबंध कैसे बने और घटना वाली रात ठीक क्या घटित हुआ, इसकी गहन जांच चल रही है. पुलिस ने रिया के मोबाइल फोन को अनलॉक करने की कोशिश शुरू कर दी है, क्योंकि संदेह है कि मौत से पहले उसने किसी को कॉल किया होगा.
हॉस्टल में लड़कों के प्रवेश पर सख्त पाबंदी होने के बावजूद आधी रात में युवकों का पहुंचना कई सवाल खड़े कर रहा है. हॉस्टल संचालक और उक्त युवक दोनों ही फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं. कैंट थाना प्रभारी के अनुसार, शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है. आगे की कार्रवाई पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, मोबाइल डेटा और अन्य सबूतों के आधार पर तय होगी. परिजनों ने भी पूरी घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की है.