हाथरस (Hathras Stampede) में सत्संग के दौरान हुए हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया. हादसे ने 121 लोगों को काल के गाल में धकेल दिया और 28 लोग अभी भी जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं. इस बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी हाथरस हादसे के पीड़ितों के घर अलीगढ़ (Aligarh) पहुंचे. गांव के रास्तों, संकरी गलियों से होते हुए राहुल गांधी (Rahul Gandhi) पीड़ितों के परिजनों तक पहुंचे. इस दौरान उनके आसपास काफी भीड़ दिखी. राहुल गांधी एक-एक कर वहां आसपास मौजूद पीड़ितों के घर पहुंचे और उनके परिजनों से मुलाकात की.
UP CM से की मुआवजे की मांग
शोक संतप्त परिवारों से मिलने के बाद कांग्रेस सांसद (Congress MP) राहुल गांधी ने कहा कि दुख की बात है. बहुत परिवारों को नुकसान हुआ है. काफी लोगों की मृत्यु हुई है. प्रशासन (UP Government) की कमी तो है और गलतियां हुई हैं. मुआवज़ा (Compensation) सही मिलना चाहिए. मैं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री (UP CM) से विनती करता हूं कि दिल खोलकर मुआवजा दें. मुआवज़ा जल्दी से जल्दी देना चाहिए. परिवारवालों से मेरी बातचीत हुई है.
पीड़ितों को मदद का दिया भरोसा
राहुल गांधी ने पीड़ितों से मुलाकात के दौरान हर संभव मदद का भरोसा जताया. इस दौरान पीड़ितों ने अपना अनुभव साझा किया. वहीं इसे लेकर कांग्रेस के और भी कई नेता लगातार बयान दे रहे हैं और राज्य सरकार पर निशाना साध रहे हैं. इसी बीच लखनऊ में कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने कहा कि जो कुछ भी हाथरस में हुआ है, उसकी भरपाई नहीं की जा सकती है. ये समय है पीड़ितों के साथ उनके आंसू पोंछने का, जिन्होंने अपनों को खोया है उन्हें धैर्य देने का समय है. आगे उन्होंने कहा कि राहुल गांधी हमारे ऐसे नेता हैं जहां आंसू होता है वहां पहले पहुंचते हैं.
मनोज झा ने बीजेपी पर साधा निशाना
इस घटना को लेकर दिल्ली में राजद नेता मनोज झा ने बीजेपी पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि आपकी व्यवस्थाओं की कमी की वजह से ये हादसा हुआ है. सबको पता था कि वहां इतनी बड़ी तादाद में लोग पहुंचेंगे लेकिन मैनेजमेंट की तरफ से कोई तैयारी नहीं थी. आगे उन्होंने कहा कि ये हादसों का देश है. एक हादसा होता है, 2 दिन उस पर हम चर्चा करते हैम और तीसरे दिन उस हादसे को भूल जाते हैं.
बीजेपी नेता ने किया पलटवार
वहीं अब भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता भी विपक्ष को जवाब देने लगे हैं और विपक्षी नेताओं पर राजनीति करने का आरोप लगा रहे हैं. भाजपा नेता दुष्यंत कुमार गौतम ने कहा कि हाथरस का हादसा दुखद घटना है, लेकिन सरकार अपना काम कर रही हैं योगी जी न्याय करेंगें उन पर भरोसा रखिये. विपक्ष सिर्फ वोट बैंक के लिए राजनीतिक रोटियां सेंक रहा है.
उन्होंने कहा है कि इंडिया अलांयस नाम की कोई चीज नहीं है ये सब स्वार्थी लोग हैं. भ्रष्टाचारी हैं जनता को फ्री की रेवडियां बांट कर वोट बटोरने का काम करते थे. इसलिए पंजाब का हाल बेहाल है आने वाले विधानसभा चुनाव में इनकी हार होगी औऱ सारी सीट भाजपा के पास आयेंगी. बता दें कि हाथरस हादसे में अब तक कुल 121 लोगों की मौत हो चुकी है और कई लोग अस्पताल में इलाजरत हैं.