प्रवर्तन निदेशालय (ED) की श्रीनगर इकाई ने क्रिप्टोकुरेंसी घोटाले (Crypto Scam) के सिलसिले में लेह, जम्मू और सोनीपत (हरियाणा) में छह स्थानों पर तलाशी ली और 1 करोड़ रुपये की नकदी के साथ-साथ आपत्तिजनक दस्तावेज और संपत्ति के रिकॉर्ड जब्त किए. ED के अनुसार, इस सप्ताह की शुरुआत में एआर मीर और अन्य के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग (Money Laundering) मामले में तलाशी ली गई थी. ED ने रविवार को एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि यह मामला इमोलिएंट कॉइन ('Emollient Coin') नामक नकली क्रिप्टोकरेंसी (Cryptocurrency) में निवेश करने के लिए झूठे तरीके से प्रभावित करके निर्दोष लोगों को धोखा देने से संबंधित है. इसमें कहा गया है कि 2 अगस्त को तलाशी अभियान के दौरान विभिन्न आपत्तिजनक दस्तावेज, संपत्ति के दस्तावेज, डिजिटल उपकरण और 1 करोड़ रुपए नकद बरामद किए गए और जब्त किए गए.