केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर सिख समुदाय और आरक्षण पर उनकी टिप्पणियों को लेकर निशाना साधा और उनकी टिप्पणियों को "भ्रामक, निराधार" और "बेहद शर्मनाक" करार दिया. राहुल पर कटाक्ष करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि ऐसा लगता है कि 'मोहब्बत की दुकान' चलाते-चलाते कांग्रेस नेता ने 'झूठ की दुकान' खोल ली है.
रक्षा मंत्री ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी अपने विदेश दौरे के दौरान जिस तरह की भ्रामक, निराधार और तथ्यहीन बातें कह रहे हैं, वे बेहद शर्मनाक हैं और भारत की गरिमा को ठेस पहुंचाती हैं. उन्होंने कहा है कि भारत में सिख समुदाय को गुरुद्वारों में पगड़ी पहनने की अनुमति नहीं है, उन्हें अपने धर्म के अनुसार व्यवहार करने से रोका जा रहा है. यह पूरी तरह से निराधार और सच्चाई से कोसों दूर है.
रक्षा मंत्री ने आगे कहा कि पूरा देश भारत की संस्कृति की रक्षा में सिख समुदाय द्वारा निभाई गई महान भूमिका को पहचानता है और उसका सम्मान करता है. उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता द्वारा उनके बारे में इस तरह के झूठे बयान देना शोभा नहीं देता. रक्षा मंत्री ने राहुल गांधी के आरक्षण खत्म करने वाले दावे को निराधार बताया है.
आरक्षण को लेकर पीएम मोदी की तारीफ करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री ने दलितों, पिछड़ों और आदिवासियों के कल्याण और विकास के लिए आरक्षण व्यवस्था को मजबूत किया है. साथ ही उन्होंने राहुल के भारत-चीना सीमा को लेकर की गई टिप्पणी पर भी आपत्ति जताई है.
वहीं केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि विदेशों में भारत को बदनाम करना ठीक नहीं है. उन्होंने आगे कहा कि जब भी स्थिति तनावपूर्ण होती है, तो सभी पड़ोसी देशों से अल्पसंख्यक भारत आते हैं और अल्पसंख्यकों के लिए भारत से सुरक्षित कोई जगह नहीं है. चीन सीमा को लेकर उन्होंने कहा कि जहां तक हमारी जमीन का सवाल है, मोदी जी के सत्ता में आने के बाद कोई भी हमारी एक इंच जमीन पर कब्जा नहीं कर सका...
इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राहुल गांधी पर निशाना साधा था. अमित शाह ने कहा कि देश को बांटने की साजिश रचने वाली ताकतों के साथ खड़े होना और देश विरोधी बयान देना राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी की आदत बन गई है. चाहे वह जम्मू-कश्मीर में जेकेएनसी के देश विरोधी और आरक्षण विरोधी एजेंडे का समर्थन करना हो या विदेशी मंचों पर भारत विरोधी बयान देना हो, राहुल गांधी ने हमेशा देश की सुरक्षा को खतरे में डाला है और भावनाओं को ठेस पहुंचाई है.