लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राज्यसभा उम्मीदवार और पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रोफेसर रामगोपाल यादव ने बुधवार को राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया. रामगोपाल यादव इस बार छठी बार राज्यसभा पहुंचने की तैयारी में हैं. नामांकन के साथ दाखिल किए गए हलफनामे में उन्होंने अपनी संपत्ति, बैंक बैलेंस, वाहन और हथियारों से जुड़ी जानकारी भी दी है.
हलफनामे के मुताबिक, रामगोपाल यादव की कुल संपत्ति करीब 14.61 करोड़ रुपये है. इसमें करीब 4.61 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और मौजूदा बाजार दर के हिसाब से करीब 10 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति शामिल है. साल 2020 में राज्यसभा चुनाव के दौरान दाखिल हलफनामे में उनकी कुल संपत्ति करीब 14.20 करोड़ रुपये बताई गई थी. यानी करीब छह साल में घोषित संपत्ति में लगभग 41 लाख रुपये की बढ़ोतरी हुई है.
रामगोपाल यादव के पास दो हथियार भी हैं. हलफनामे में उन्होंने एक अमेरिकी .30 कार्बाइन और जर्मनी में बनी .32 बोर की रिवॉल्वर घोषित की है. दोनों हथियारों की कीमत 40-40 हजार रुपये बताई गई है. सोने के आभूषणों की बात करें तो उनके पास 610 ग्राम सोना है, जिसकी कीमत करीब 88.50 लाख रुपये बताई गई है. उनके पास टोयोटा इनोवा हाईक्रॉस हाइब्रिड कार भी है, जिसकी कीमत करीब 33.18 लाख रुपये दर्ज की गई है.
बैंक खातों में भी लाखों रुपये जमा हैं. एसबीआई की नई दिल्ली शाखा में करीब 76.66 लाख रुपये, बैंक ऑफ इंडिया की इटावा शाखा में 62.58 लाख रुपये और जिला सहकारी बैंक सैफई में करीब 63,500 रुपये जमा बताए गए हैं. प्रोफेसर रामगोपाल यादव का राजनीतिक सफर भी लंबा रहा है. राजनीति में आने से पहले वह प्रोफेसर थे. मुलायम सिंह यादव उन्हें राजनीति में लेकर आए. 1989 में वह इटावा जिला परिषद के अध्यक्ष चुने गए और 1992 में पहली बार राज्यसभा पहुंचे. मुलायम सिंह यादव उन्हें अक्सर प्रोफेसर साहब कहकर संबोधित करते थे.