रामपुर: उत्तर प्रदेश के रामपुर में लाखों बंदिशों के बाद भी प्रेम कहानी शादी के बंधन तक पहुंच गई. रामपुर निवासी जोगेंद्र सैनी और छत्तीसगढ़ के भिलाई की रहने वाली अलीशा खातून ने परिवारों की असहमति के बीच एक-दूसरे का हाथ थाम लिया. दोनों ने रामपुर में हिंदू रीति-रिवाज से विवाह किया. विवाह के बाद युवती ने अपनी इच्छा से हिंदू धर्म स्वीकार किया और अपना नया नाम अदिति रख लिया.
बताया जा रहा है कि जोगेंद्र और अलीशा लंबे समय से एक-दूसरे को जानते थे और शादी करना चाहते थे. परिवारों की सहमति नहीं मिलने पर दोनों रामपुर पहुंचे, जहां हिंदू संगठन के सहयोग से उनका विवाह संपन्न कराया गया. शादी के बाद दोनों ने साथ रहने का फैसला किया.
इस बीच युवती के परिजनों की ओर से छत्तीसगढ़ के भिलाई में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी. इसी के आधार पर पुलिस की टीम रामपुर पहुंची और युवती से बातचीत की. पुलिस के सामने युवती ने खुद को बालिग बताते हुए कहा कि उसने अपनी मर्जी से जोगेंद्र से शादी की है और वह उसी के साथ रहना चाहती है.
युवती के बयान के बाद स्थानीय पुलिस ने उसे उसके पति जोगेंद्र सैनी के साथ जाने की अनुमति दे दी, इसके बाद जांच के लिए आई पुलिस टीम आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर लौट गई. फिलहाल यह मामला प्रेम विवाह और धर्म परिवर्तन को लेकर चर्चा में है.