pakistan karachi news : पाकिस्तान के कराची में भीषण आत्मघाती हमले और गोलीबारी की खबर सामने आने के बाद पूरे देश में हड़कंप मच गया है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आत्मघाती हमलावर ने पाकिस्तान रेंजर्स के कंपाउंड को निशाना बनाकर विस्फोट किया. विस्फोट के तुरंत बाद उसके अन्य साथियों ने सुरक्षा बलों पर ताबड़तोड़ गोलीबारी शुरू कर दी, इससे साफ संकेत मिलता है कि हमले में एक से अधिक हमलावर शामिल थे.
हमले के बाद इलाके में करीब आधे घंटे तक भीषण मुठभेड़ चली. दोनों ओर से हुई भारी गोलीबारी में कई लोगों के मारे जाने की खबरें सामने आ रही हैं. हालांकि, मृतकों और घायलों की आधिकारिक संख्या अभी तक जारी नहीं की गई है.
प्रत्यक्षदर्शियों और पाकिस्तानी मीडिया के अनुसार, पहला धमाका बेहद शक्तिशाली था, इसके बाद दो छोटे विस्फोट भी हुए, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. सुरक्षा बलों ने तत्काल मोर्चा संभाला और हमलावरों के खिलाफ जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी. बताया जा रहा है कि हमला कराची के गुलिस्तान-ए-जौहर इलाके की एक प्रमुख सड़क पर हुआ, जो कराची यूनिवर्सिटी समेत शहर के कई विश्वविद्यालयों को जोड़ती है. घटना के बाद पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया और बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है.
फिलहाल किसी भी आतंकी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है. हालांकि, सुरक्षा एजेंसियां सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही हैं. पाकिस्तान रेंजर्स एक पैरामिलिट्री फोर्स है, जिसे देश की सीमाओं की सुरक्षा और आंतरिक कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई है, इसके दो प्रमुख हिस्से पंजाब रेंजर्स, जो पंजाब प्रांत की सीमा सुरक्षा संभालते हैं, और सिंध रेंजर्स, जो कराची समेत सिंध के कई इलाकों में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाते हैं. हमले का निशाना सिंध रेंजर्स को बताया जा रहा है.
इस हमले को पाकिस्तान की सुरक्षा व्यवस्था और सरकार के लिए बड़ी चुनौती माना जा रहा है. घटना के बाद अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती कर दी गई है और पूरे क्षेत्र में तलाशी अभियान जारी है. वहीं, सिंध के मुख्यमंत्री सैयद मुराद अली शाह घटना की विस्तृत रिपोर्ट पाकिस्तान के प्रधानमंत्री को सौंपने वाले हैं.