TV Actress Reem Shaikh: टीवी अभिनेत्री रीम शेख ने हाल ही में शादी और धर्म को लेकर अपनी राय खुलकर व्यक्त की है. शार्दुल पंडित के पॉडकास्ट में बात करते हुए रीम ने कहा कि वो अभी सिंगल हैं और दूसरे धर्म में शादी करने की कल्पना भी नहीं कर सकतीं. रीम ने बताया कि मैं अपने धर्म को पूरी निष्ठा से मानती हूं. रोज पांच वक्त की नमाज पढ़ती हूं, रमजान में रोजे रखती हूं और हर मुश्किल वक्त में खुदा से दुआ मांगती हूं. इसलिए मेरे लिए दूसरे धर्म के व्यक्ति के साथ जीवन बिताना संभव नहीं है.
उन्होंने आगे कहा कि अगर लड़का किसी दूसरे धर्म का है तो मैं उसके साथ बिल्कुल भी एडजस्ट नहीं कर पाऊंगी. मुझे पता है कि इस बात को कहने पर सोशल मीडिया पर मुझे काफी ट्रोलिंग और गालियां पड़ेंगी, लेकिन ये मेरी सच्चाई है. मैं ऐसे किसी व्यक्ति के साथ नहीं रह सकती जिसका धर्म मेरा नहीं है.
रीम शेख ने अपने परिवार का जिक्र भी किया. उन्होंने बताया कि उनके माता-पिता की इंटरफेथ मैरिज (दूसरे धर्म में शादी) थी, लेकिन वो रिश्ता टूट गया. घर में रिश्ते के बिखरने को खुद देखने के बाद उन्होंने ये फैसला कर लिया है.
बता दें कि रीम शेख बचपन से ही एक्टिंग में सक्रिय हैं. मात्र 8 साल की उम्र में उन्होंने 'नीर भरे तेरे नैना देवी' में देवी लक्ष्मी का रोल किया था. इसके अलावा उन्होंने 'ये रिश्ता क्या कहलाता है', 'दिया और बाती हम', 'तू आशिकी', 'संकट मोचन महाबली हनुमान' और 'खतरा खतरा खतरा' जैसे कई लोकप्रिय टीवी शोज में काम किया है.