रात भर नाले में तड़पते रहे दो दोस्त, दर्द में निकल गई जान, झकझोर देगा उन्नाव के ये हादसा

Rahul Jadaun 01 Jul 2026 06:01: PM 1 Mins
रात भर नाले में तड़पते रहे दो दोस्त, दर्द में निकल गई जान, झकझोर देगा उन्नाव के ये हादसा

उन्नाव: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई। यह हादसा हरदोई-उन्नाव मार्ग पर सफीपुर कोतवाली क्षेत्र में रात करीब 12 बजे हुआ, जब दोनों दोस्त एक बारात से लौट रहे थे।

जानकारी के अनुसार, बांगरमऊ थाना क्षेत्र के खैरुद्दीनपुर गांव निवासी 19 वर्षीय अखिलेश कुमार अपने दोस्त नौबतगंज निवासी 20 वर्षीय शुभम के साथ बुलेट मोटरसाइकिल से परियर थाना क्षेत्र में रहने वाले अपने मित्र रामशंकर निषाद की बारात में शामिल होने गए थे। दोनों ने देर रात तक बारात में समय बिताया और करीब 11 बजे तक कार्यक्रम में मौजूद रहे।

इसके बाद रात लगभग 12 बजे दोनों दोस्त बुलेट से अपने घर की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान हरदोई-उन्नाव रोड पर किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे बनी पुलिया को तोड़ते हुए करीब 20 फीट गहरे नाले में जा गिरी।

हादसे के बाद दोनों युवक पुल के नीचे नाले में गंभीर रूप से घायल होकर पड़े रहे। जानकारी के मुताबिक दोनों दोस्त रात में काफी देर तक लहूलुहान हालत में तड़पते रहे। और इसी तरह उनकी जान चली गई. सुबह मौके से गुजर रहे राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और परिजनों को घटना की जानकारी दी।

इस हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में मातम छा गया। बताया जा रहा है कि अखिलेश और शुभम के बीच गहरी दोस्ती थी और वे अक्सर साथ ही आते-जाते थे। एक ही रात, एक ही सफर में दोनों का इस तरह चले जाना इलाके में चर्चा और शोक का विषय बना हुआ है। अखिलेश अपने परिवार का इकलौता बेटा था. उसकी तीन बहनें हैं. वो खुद फार्मेसी की पढ़ाई कर रहा था. मेडिकल के क्षेत्र में भविष्य संवारने का सपना अब सपना ही रह जाएगा.

फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

#Unnao #RoadAccident #Safipur #BulletAccident #Friendship #WeddingAccident #UPNews #AccidentNews #IndiaNews #CrimeNews

Recent News