नई दिल्ली: रिपब्लिकन पार्टी ऑफ़ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामदास अठावले के निर्देशानुसार कांग्रेस पार्टी द्वारा नारी शक्ति वंदन अधिनियम के विरोध में अपना समर्थन देने के कारण आरपीआई (अठावले) कार्यकर्ताओं ने जंतर मंतर पर विपक्ष की कड़ी निंदा करते हुए ‘इंडी अलायन्स हाय हाय’ और ‘राहुल गांधी शर्म करो’ के नारे लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया.
प्रदर्शन के अंतराल में सभी ने एक स्वर में राहुल गांधी सहित विपक्ष की निंदा करते हुए कहा कि कांग्रेस ने 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' के माध्यम से महिलाओं को सशक्त बनाने के ऐतिहासिक प्रयास को विफल किया है. आरपीआई दिल्ली के नेताओं ने कहा कि कांग्रेस द्वारा महिला आरक्षण विधेयक (131वां संशोधन) का विरोध एक प्रकार से "महिला-विरोधी मानसिकता" और "ऐतिहासिक अवसर का अपमान" दर्शाता है.
आरपीआई दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष फकरे आलम ने कहा कि विपक्ष ने अपनी संकीर्ण राजनीति के लिए महिलाओं के अधिकारों का बलिदान किया है, और इसके लिए उन्हें देश की आधी आबादी से माफी मांगनी चाहिए. आरपीआई अध्यक्ष रामदास अठावले के विचारों का समर्थन करते हुए आरपीआई कार्यकर्ताओं ने कहा कि कांग्रेस पार्टी, विशेषकर राहुल गांधी, हर बात का विरोध करते हैं. आज जब मोदी सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है, तब विपक्ष इसका विरोध कर रहा है.
आरपीआई कार्यकर्ताओं ने सर्वसम्मति से कहा कि महिलाओं के लिए आरक्षण हेतु संविधान संशोधन विधेयक को जिस तरह से पराजित किया गया और जिस तरह से कांग्रेस ने एक बार फिर देश को विभाजित करने का अपना एजेंडा खुलकर सामने रखा है, उससे कांग्रेस की रणनीति, चरित्र और चेहरा बेनकाब हो गया है.
प्रदर्शन में आरपीआई के राष्ट्रीय सचिव मिर्जा महताब बेग दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष फकरे आलम, दिल्ली प्रदेश के कार्यकारी अध्यक्ष अनिल चौधरी, सहित आरपीआई दिल्ली प्रदेश के विविध पदाधिकारियों ने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ भाग लिया.