संभल में फिर तनाव: महंत ऋषिराज गिरि की जिद्दी पदयात्रा शुरू होने से पहले ही बवाल, पुलिस से भिड़ंत

Amanat Ansari 19 Nov 2025 02:53: PM 1 Mins
संभल में फिर तनाव: महंत ऋषिराज गिरि की जिद्दी पदयात्रा शुरू होने से पहले ही बवाल, पुलिस से भिड़ंत

नई दिल्ली: संभल का माहौल पूरी तरह गरमाया हुआ है. मां कैलादेवी धाम के महंत ऋषिराज गिरि आज सुबह से ही अपनी 22 किलोमीटर लंबी प्रस्तावित पदयात्रा पर अड़े हैं. प्रशासन ने साफ मना कर दिया है और अनुमति नहीं दी है, लेकिन महंत ने चुनौती दे दी है कि “यात्रा निकलेगी ही, चाहे कुछ भी हो जाए.”

मंदिर परिसर के बाहर का नजारा किसी मेले जैसा है. दूर-दराज से ट्रैक्टर-ट्रॉली, डीजे, टेंपो और निजी गाड़ियों में हजारों समर्थक जुट आए हैं. भीड़ इतनी है कि सड़कें जाम हो चुकी हैं. जैसे ही महंत समर्थकों के साथ मुख्य गेट की ओर बढ़े, पुलिस की भारी बैरिकेडिंग सामने आई. बस यहीं से हंगामा शुरू हो गया.

महंत ने माइक पर चेतावनी दी, “बैरियर हटाओ, हमारे लोग अंदर आएंगे. हरिहर मंदिर की परिक्रमा होकर रहेगी.” समर्थक बैरिकेडिंग तोड़ने दौड़े, पुलिस ने लाठियां भांजी और धक्का-मुक्की शुरू हो गई. मौके पर मौजूद इंस्पेक्टर को महंत ने खरी-खोटी सुनाई, जिसका वीडियो अब वायरल हो रहा है. प्रशासन ने कोई जोखिम नहीं लिया है.

  • RAF की दो कंपनियां और PAC के जवान तैनात
  • 8 थानों की फोर्स, 4 सर्किल ऑफिसर मौजूद
  • पूरे रूट पर स्टील बैरिकेडिंग और वॉटर कैनन तैयार400 से ज्यादा CCTV और तीन ड्रोन से लगातार निगरानी

पुलिस का कहना है कि बिना अनुमति यात्रा नहीं निकलने दी जाएगी, लेकिन महंत और उनके समर्थक मंदिर परिसर में ही डटे हैं और किसी भी कीमत पर निकलने का ऐलान कर रहे हैं.

फिलहाल दोनों तरफ से तनातनी बरकरार है. प्रशासन किसी भी हाल में यात्रा को विवादित जगह तक नहीं पहुंचने देना चाहता, जबकि समर्थक बैरिकेडिंग के सामने ही धरने पर बैठने की तैयारी कर रहे हैं. अगले कुछ घंटे बेहद नाजुक हैं. संभल में पूरी सुरक्षा व्यवस्था हाई अलर्ट पर है.

Sambhal Hari Mandir Sambhal Mosque UP News

Recent News