नई दिल्ली: पंजाब पुलिस की कांस्टेबल अमनदीप कौर, जिन्हें बुधवार को 17.7 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया था और गुरुवार को बर्खास्त कर दिया गया, पंजाब पुलिस के एक और आदेश की खुलेआम अवहेलना कर रही थीं. वह अपने इंस्टाग्राम पेज पर वर्दी, लग्जरी कारें और घड़ियां दिखाने की से भी बाज नहीं आई. आरोपी महिला कांस्टेबल के इंस्टाग्राम पर 30000 से ज्यादा फॉलोअर्स हैं.
डीजीपी कार्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार, पेशेवरता बनाए रखने और पुलिस प्रतीक के अनधिकृत उपयोग को रोकने के उद्देश्य से एक नीति के अनुसार, पंजाब पुलिस कर्मियों को सोशल मीडिया पर वर्दी में रील या वीडियो बनाने और साझा करने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है. कौर इन रीलों को पंजाबी गानों के साथ पोस्ट करती थीं, जिनमें से कुछ पंजाब पुलिस का मजाक भी उड़ाते थे.
अन्य रील में, कौर ने अपनी शानदार जीवनशैली का प्रदर्शन किया- महंगी घड़ियां, हाई-एंड सनग्लासेस, और ब्रांडेड हैंडबैग और आउटफिट. कुछ रील में, उनके पालतू कुत्ते शिह त्ज़ु को भी फैंसी ड्रेस पहने हुए देखा गया है. "फोर बाय फोर दी शौकीन लगदी, बिना पीछे वेखे थार पीछे लाई. ओह एमके के बैग विच रौंद रखदी, कुरी अग्ग दे भभूके वांगु फिरे मचदी (उसे 4x4 वाहनों का शौक है और वह पीछे देखे बिना अपनी थार को पीछे ले जाती है.
वह अपने ब्रांडेड एमके बैग में गोलियां रखती है और बहुत आकर्षक है)" एक रील में गाना बजता है जिसमें वह धूप के चश्मे के साथ पुलिस की वर्दी पहने हुए है, और एक महिंद्रा थार के पास खड़ी दिखाई देती है. पुलिस के अनुसार, जब उसे गुरुवार को गिरफ्तार किया गया, तो अमनदीप कौर बठिंडा में एक चौक की तरफ से आ रही थी, जिसे 'लाडली धी' (प्यारी बेटी) भी कहा जाता है.
उसे बठिंडा सदर एसएचओ अनुभव जैन के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने गिरफ्तार किया. पुलिस के अनुसार, हेरोइन एक काले रंग की महिंद्रा थार से बरामद की गई थी जिसे वह चला रही थी. पुलिस टीमों ने उसका वाहन (पीबी 05 एक्यू 7720) भी जब्त कर लिया है.
महानिरीक्षक (मुख्यालय) सुखचैन सिंह गिल ने कहा, "मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने ड्रग्स से जुड़े मामलों में संलिप्त पाए जाने वाले किसी भी कर्मचारी को बर्खास्त करने के सख्त निर्देश जारी किए हैं. इस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए मानसा एसएसपी भागीरथ मीना ने उचित प्रक्रिया का पालन करते हुए महिला कांस्टेबल अमनदीप कौर को सेवा से बर्खास्त कर दिया है." आईजी ने आगे कहा, "पुलिस टीमें आरोपियों द्वारा अर्जित संपत्तियों की भी गहन जांच कर रही हैं. यदि कोई अवैध रूप से अर्जित संपत्ति पाई जाती है, तो कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी."