लखनऊ: उत्तर प्रदेश के साढ़े तीन लाख आउटसोर्स कर्मचारियों को योगी सरकार ने बड़ी सौगात दी है. उनकी सैलरी में 7 हजार रुपए तक की बढ़ोतरी की गई है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम (यूपीकोस) का लोगो लॉन्च किया और इसकी वेबसाइट व पोर्टल भी जारी किया. इस मौके पर कर्मचारियों को चेक भी बांटे गए.
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक भी मौजूद रहे. आउटसोर्स कर्मचारियों को अब 50 लाख रुपए तक का बीमा कवर, आकस्मिक दवा के लिए 5 लाख रुपए और एयर एंबुलेंस के लिए 10 लाख रुपए की सहायता भी मिलेगी.
क्या बदलेगा नई व्यवस्था से?
यूपीकोस के जरिए प्रदेश के विभिन्न विभागों में काम कर रहे आउटसोर्स कर्मचारियों का एकीकृत रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा. अभी तक कर्मचारियों से जुड़ी जानकारी अलग-अलग विभागों और आउटसोर्स एजेंसियों के स्तर पर रखी जाती थी. नई व्यवस्था में इसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से जोड़ा जाएगा.
पोर्टल पर कर्मचारी की भर्ती, तैनाती, उपस्थिति और भुगतान से जुड़ी सारी जानकारी दर्ज की जाएगी. इससे आसानी से पता चल सकेगा कि किस विभाग में कितने आउटसोर्स कर्मचारी काम कर रहे हैं और उन्हें कितना भुगतान हो रहा है. सेवा से जुड़ा रिकॉर्ड भी डिजिटल रूप में उपलब्ध रहेगा.
इससे भुगतान और तैनाती की प्रक्रिया पर निगरानी आसान होगी. किसी भी कर्मचारी के रिकॉर्ड, भुगतान या तैनाती की जानकारी एक ही जगह से देखी जा सकेगी. अलग-अलग एजेंसियों के जरिए होने वाली प्रक्रिया में गड़बड़ी की गुंजाइश भी काफी कम हो जाएगी. प्रदेश के सरकारी विभागों में बड़ी संख्या में कर्मचारी आउटसोर्स के माध्यम से काम कर रहे हैं. नई व्यवस्था का सीधा असर उनकी भर्ती, सेवा शर्तों और भुगतान की प्रक्रिया पर पड़ेगा.