लखनऊ : उत्तर प्रदेश विधान परिषद के शिक्षक-स्नातक चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी ने अपने प्रत्याशियों को लेकर बड़ा फेरबदल किया है. पार्टी ने दो सीटों पर घोषित उम्मीदवारों को बदलने का फैसला किया है. आगरा में राम प्रकाश गुप्ता की जगह आकाश अग्रवाल को प्रत्याशी बनाया गया है, जबकि गोरखपुर-फैजाबाद मंडल में कमलेश यादव के स्थान पर डॉ. संजयन त्रिपाठी को मैदान में उतारने की जानकारी सामने आई है.
गोरखपुर-फैजाबाद सीट पर डॉ. संजयन त्रिपाठी की एंट्री को खास माना जा रहा है. संजयन त्रिपाठी ने हाल ही में भारतीय जनता पार्टी से दूरी बनाई थी. बीजेपी की ओर से इस सीट पर ध्रुव कुमार त्रिपाठी को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद संजयन ने टिकट नहीं मिलने पर नाराजगी जताई थी. उन्होंने बीजेपी का झंडा अपनी कार से उतार दिया था और निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान किया था.
इसके बाद सियासी घटनाक्रम तेजी से बदला. संजयन त्रिपाठी की सपा नेतृत्व से बातचीत हुई और अब उन्हें गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से पार्टी का उम्मीदवार बनाए गए. इससे पहले सपा ने कमलेश यादव को अपना प्रत्याशी घोषित किया था, लेकिन उनका नामांकन कार्यक्रम अचानक स्थगित कर दिया गया था. इसी दौरान संजयन के सपा में जाने की चर्चा तेज हुई थी.
एमएलसी चुनाव के लिए नामांकन की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर है, जबकि 23 अक्टूबर को मतदान और 27 अक्टूबर को मतगणना प्रस्तावित है. ऐसे में प्रत्याशियों में बदलाव के बाद गोरखपुर-फैजाबाद सीट का मुकाबला और अधिक चर्चा में आ गया है.
सपा के इस फैसले से एक दिन पहले तक बीजेपी के खिलाफ बगावत का ऐलान कर चुके संजयन त्रिपाठी अब सपा के टिकट पर चुनाव मैदान में नजर आएंगे. आने वाले दिनों में नामांकन के साथ तस्वीर और स्पष्ट होगी.