पटना : बिहार में स्वास्थ्य व्यवस्था को आधुनिक और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया गया है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में पटना के राजवंशी नगर स्थित लोकनायक जयप्रकाश नारायण एलएनजेपी अस्पताल परिसर में 215 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 400 बेड वाले अत्याधुनिक ऑर्थोपेडिक एवं न्यूरो सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के नए भवन का लोकार्पण किया गया.
यह अस्पताल अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से लैस है. यहां हाईटेक ऑपरेशन थिएटर, आधुनिक आईसीयू, उन्नत रेडियोलॉजी विभाग, स्पोर्ट्स इंजरी सेंटर, फिजियोथेरेपी यूनिट, ट्रॉमा सेंटर और 24×7 आपातकालीन सेवाएं उपलब्ध कराई गई हैं, इससे सड़क दुर्घटनाओं, गंभीर चोटों, ब्रेन और स्पाइन से जुड़ी जटिल बीमारियों के इलाज में मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी.
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का लक्ष्य बिहार को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नई पहचान दिलाना है. इसी सोच के तहत राज्य में लगातार आधुनिक अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है. इस नई परियोजना से अब बड़ी संख्या में मरीजों को इलाज के लिए दिल्ली, मुंबई या अन्य राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा. उन्हें बिहार में ही विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी.
विशेषज्ञों का मानना है कि यह अस्पताल केवल पटना ही नहीं, बल्कि पूरे बिहार और आसपास के राज्यों के मरीजों के लिए भी एक प्रमुख चिकित्सा केंद्र बन सकता है., इससे समय पर बेहतर इलाज मिलने के साथ-साथ मरीजों का आर्थिक बोझ भी कम होगा.
सम्राट चौधरी के नेतृत्व में स्वास्थ्य क्षेत्र में हो रहे ये बदलाव बिहार के विकास की नई तस्वीर पेश कर रहे हैं. आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार, बेहतर स्वास्थ्य ढांचा और आम जनता तक गुणवत्तापूर्ण इलाज पहुंचाने का संकल्प राज्य को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक ले जाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है.