नई दिल्ली : केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी को शिक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार मिलने के बाद उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उनके लिए बड़ी जिम्मेदारी है और वह पूरी ईमानदारी व समर्पण के साथ इस दायित्व का निर्वहन करेंगे. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने उन पर जो विश्वास जताया है, उसके लिए वह उनके शुक्रगुजार हैं.
प्रल्हाद जोशी ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं. शिक्षा के क्षेत्र में भी व्यापक बदलाव देखने को मिले हैं. उन्होंने पूर्व शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि बीते चार-पांच वर्षों में नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) को लागू करने सहित कई महत्वपूर्ण सुधार किए गए, जिनसे देश की शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा मिली है.
उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति के जरिए छात्रों को आधुनिक, रोजगारोन्मुख और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में उल्लेखनीय प्रयास हुए हैं. अब इन सुधारों को आगे बढ़ाने और शिक्षा क्षेत्र को और मजबूत बनाने का काम जारी रहेगा.
प्रल्हाद जोशी ने भरोसा दिलाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में वह अपनी पूरी क्षमता के साथ काम करेंगे. उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्रालय की जिम्मेदारी बेहद महत्वपूर्ण है क्योंकि यह देश के भविष्य से जुड़ा हुआ विषय है. सरकार का लक्ष्य शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सशक्त, समावेशी तथा वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाना है. उन्होंने कहा कि वह मंत्रालय के सभी अधिकारियों और संबंधित पक्षों के साथ मिलकर शिक्षा क्षेत्र में जारी सुधारों को गति देंगे और विद्यार्थियों के हित में पूरी लगन से कार्य करेंगे.