कौन हैं नए शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी? कितनी की है पढ़ाई, जानिए मोदी सरकार के संकटमोचक चेहरे की पूरी कहानी

Global Bharat 25 Jul 2026 11:32: PM 1 Mins
कौन हैं नए शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी? कितनी की है पढ़ाई, जानिए मोदी सरकार के संकटमोचक चेहरे की पूरी कहानी

नई दिल्ली : शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद केंद्र सरकार ने बिना देर किए वरिष्ठ बीजेपी नेता प्रह्लाद जोशी को शिक्षा मंत्रालय की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंप दी. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा इस्तीफा स्वीकार किए जाने के कुछ ही घंटों में यह फैसला लिया गया, जिससे साफ संकेत मिला कि सरकार शिक्षा मंत्रालय में नेतृत्व का खालीपन नहीं चाहती.

कर्नाटक के धारवाड़ से लगातार कई बार लोकसभा सांसद चुने जा चुके प्रह्लाद जोशी बीजेपी के सबसे अनुभवी नेताओं में गिने जाते हैं. वे लंबे समय से संगठन और सरकार दोनों में अहम जिम्मेदारियां निभाते रहे हैं, इससे पहले वे संसदीय कार्य मंत्री, कोयला मंत्री और खान मंत्री जैसे महत्वपूर्ण विभाग संभाल चुके हैं. वर्तमान में उनके पास उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण तथा नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय की जिम्मेदारी भी है.

प्रह्लाद जोशी का राजनीतिक सफर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से शुरू हुआ. संगठन में सक्रिय भूमिका निभाने के बाद उन्होंने बीजेपी में अपनी अलग पहचान बनाई. वर्ष 2004 से वे लगातार धारवाड़ लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं और उन्हें पार्टी का भरोसेमंद रणनीतिकार माना जाता है. उन्होंने बीए तक पढ़ाई की है.
अब शिक्षा मंत्रालय की कमान ऐसे समय में उनके हाथों में आई है, जब परीक्षा प्रणाली, पारदर्शिता और शिक्षा सुधार को लेकर देशभर में बहस तेज है.

 सरकार को उम्मीद है कि प्रशासनिक अनुभव और संगठनात्मक पकड़ के दम पर प्रह्लाद जोशी शिक्षा मंत्रालय में स्थिरता लाएंगे और लंबित सुधारों को गति देंगे. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह नियुक्ति केवल मंत्रालय बदलने का फैसला नहीं, बल्कि शिक्षा व्यवस्था में भरोसा बहाल करने की दिशा में सरकार का बड़ा संदेश भी है. आने वाले दिनों में सभी की नजर इस बात पर रहेगी कि नए शिक्षा मंत्री शिक्षा क्षेत्र की चुनौतियों से कैसे निपटते हैं और छात्रों की उम्मीदों पर कितना खरे उतरते हैं.

Pralhad Joshi New Education Minister of India Dharmendra Pradhan Resignation Modi Cabinet Reshuffle Education Ministry India

Description of the author

Recent News