दिल्ली : बागी TMC सांसद सायनी घोष ने पहली बार NDA की बैठक में हिस्सा लेने के बाद इसे बेहद ज्ञानवर्धक और जानकारीपूर्ण बताया. उन्होंने कहा कि बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह समेत कई केंद्रीय मंत्री मौजूद थे, जहां देश से जुड़े अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई.
सायनी घोष ने बताया कि बैठक में मुख्य रूप से फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) और ब्लू इकोनॉमी सेक्टर पर चर्चा हुई. उन्होंने कहा कि ब्लू इकोनॉमी भारत के लिए एक उभरता हुआ आर्थिक क्षेत्र है, जिसमें समुद्री संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल, रोजगार और आर्थिक विकास की बड़ी संभावनाएं हैं. बैठक के दौरान इस क्षेत्र को लेकर एक विशेष प्रेजेंटेशन भी दिया गया.
उन्होंने कहा कि संसद का सत्र शुरू होने वाला है और उससे पहले इस तरह की बैठकें सांसदों को सरकार की नीतियों और देश के विकास से जुड़े मुद्दों को समझने का अवसर देती हैं. NEET और पेपर लीक विवाद पर बोलते हुए सायनी घोष ने कहा कि देश के युवा और छात्र भारत का गौरव हैं. उन्होंने जिस तरह से अपनी आवाज उठाई, उससे यह संदेश गया कि देश में लोकतंत्र मजबूत है. उन्होंने कहा कि छात्रों के मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए सरकार भी आगे आई और संबंधित बिल लाने का अवसर मिला.
सायनी घोष के बयान को NDA की बैठक में विपक्षी खेमे से आए सांसदों की भागीदारी के तौर पर भी देखा जा रहा है. उन्होंने बैठक में हुई चर्चाओं को सकारात्मक बताते हुए कहा कि देश की अर्थव्यवस्था, युवाओं और भविष्य की नीतियों को लेकर लगातार संवाद जरूरी है.