नीला ड्रम कांड में मुस्कान-साहिल को सजा कल, सौरभ के परिवार ने मांगी फांसी

Amanat Ansari 12 Oct 2026 07:02 PM 1 Mins
नीला ड्रम कांड में मुस्कान-साहिल को सजा कल, सौरभ के परिवार ने मांगी फांसी

मेरठ: बहुचर्चित नीला ड्रम हत्याकांड में दोषी करार दी गई मुस्कान रस्तोगी और उसके प्रेमी साहिल शुक्ला को मंगलवार 14 अक्टूबर को सजा सुनाई जाएगी. जिला जज अरविंद कुमार मिश्रा की अदालत अंतिम फैसला सुनाएगी. मृतक सौरभ राजपूत के परिवार ने दोनों के लिए फांसी की सजा की मांग की है.

मार्च 2025 में सामने आई इस सनसनीखेज घटना में मुस्कान ने अपने प्रेमी साहिल के साथ मिलकर पति सौरभ राजपूत को नशीला पदार्थ देकर हत्या कर दी थी. सबूत मिटाने के लिए शव के टुकड़े कर नीले प्लास्टिक के ड्रम में डाले गए और उसे सीमेंट व रेत से सील कर दिया गया.

घटना के खुलासे के बाद पूरे प्रदेश में सनसनी फैल गई थी. पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया था. करीब एक हफ्ते पहले अदालत ने दोनों को दोषी ठहराया था. दोषसिद्ध होने के बाद से मुस्कान और साहिल मेरठ जिला जेल में बंद हैं. दोनों में बेचैनी बढ़ गई है.

फांसी की आशंका को लेकर वे परेशान हैं. जेल प्रशासन ने उनके नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने के साथ काउंसलिंग की भी तैयारी कर ली है. मुस्कान को अपनी मासूम बेटी के भविष्य की चिंता सता रही है, जबकि साहिल की आंखों में भी पहली बार आंसू देखे गए. सौरभ के परिवार ने अदालत से कठोरतम सजा (फांसी) की मांग की है. 14 अक्टूबर के फैसले पर पूरे क्षेत्र की निगाहें टिकी हुई हैं.

Recent News