दुबई: बुधवार तड़के दुबई के जेबेल अली औद्योगिक क्षेत्र में कम से कम सात जोरदार विस्फोट हुए. इसके बाद संयुक्त अरब अमीरात के तटीय इलाके में भीषण आग भड़क उठी. ईरानी ब्रॉडकास्टर प्रेस टीवी ने इसकी जानकारी दी. इराकी मीडिया ने दावा किया कि ये विस्फोट यमन से दागे गए मिसाइल हमले के कारण हुए.
अमीराती मीडिया ने भी कई धमाकों की आवाज सुनाई देने की पुष्टि की, हालांकि आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया. मेहर न्यूज एजेंसी के हवाले से नासा की थर्मल इमेजरी में बंदरगाह के पास ईंधन भंडारण और ट्रांसफर वाले गोदाम में आग का संकेत मिला. प्रेस टीवी के अनुसार, धुएं के गुबार उठने के बाद आग की फिल्मांकन करने वाले दो लोगों को यूएई अधिकारियों ने गिरफ्तार कर लिया. जेबेल अली दुबई के दक्षिण-पश्चिम में स्थित यूएई का प्रमुख लॉजिस्टिक्स, व्यापारिक और औद्योगिक केंद्र है.
यहां जेबेल अली पोर्ट और फ्री जोन है, जहां 150 से अधिक देशों की 11,000 से ज्यादा कंपनियां कार्यरत हैं. यह अंतरराष्ट्रीय व्यापार का महत्वपूर्ण गेटवे माना जाता है. यह घटना ईरान युद्ध और क्षेत्रीय तनाव के बीच हुई है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि होर्मुज जलडमरूमध्य जल्द ही खुल जाएगा और अगर ईरान समझौते पर सहमत नहीं हुआ तो उसे कड़ी मार झेलनी पड़ेगी.