Sex Racket in Jalaun: जालौन में एक रेस्टोरेंट की आड़ में देह व्यापार का धंधा चल रहा था. पुलिस और प्रशासन की टीम ने मिलकर अचानक छापा मारा. इस कार्रवाई में चार युवक और चार युवतियां पकड़े गए. उरई कोतवाली के झांसी रोड स्थित इस रेस्टोरेंट को लेकर पहले से ही शिकायत थी कि यहां नाम मात्र का खाने का व्यवसाय दिखाकर वेश्यावृत्ति का काम चलाया जा रहा था.
शनिवार को एसडीएम सदर और सिटी मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में अचानक छापेमारी की गई. छापे के दौरान रेस्टोरेंट के अंदर चार युवक और चार युवतियां आपत्तिजनक स्थिति में मिले. साथ ही पुलिस को कई आपत्तिजनक सामान भी बरामद हुए. रेस्टोरेंट का मालिक और अन्य स्टाफ छापे की भनक लगते ही भाग निकले.
पुलिस ने पकड़े गए सभी आठ युवकों-युवतियों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है. मामले में आगे की जांच चल रही है और फरार लोगों की तलाश की जा रही है. सीओ सिटी राजीव कुमार ने बताया कि हमें गुप्त सूचना मिली थी कि एसएमएस रेस्टोरेंट के नाम पर देह व्यापार का काम हो रहा है.
इसी आधार पर एसडीएम और सिटी मजिस्ट्रेट के निर्देश पर यह छापेमारी की गई. सभी पकड़े गए लोगों से पूछताछ जारी है. सिटी मजिस्ट्रेट सुनील कुमार ने कहा कि प्रशासन ऐसे अवैध कार्यों के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है.
किसी भी ऐसे स्थान को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. छापेमारी में बरामद सामग्री के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है. यह पूरी घटना जालौन जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ प्रशासन की सख्ती को दर्शाती है.ओ