भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार बल्लेबाज शफाली वर्मा ने 2024 के महिला T20 वर्ल्ड कप से पहले कहा है कि उनकी टीम का मुख्य लक्ष्य ट्रॉफी जीतना है, न कि व्यक्तिगत रिकॉर्ड और उपलब्धियां. बता दें, टी20 वर्ल्ड कप 2024 का आगाज 3 अक्टूबर से संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में हो रहा है.
गौरतलब हो शफाली वर्मा ने अपने करियर में शानदार प्रदर्शन किया है. उन्होंने 5 टेस्ट मैचों में 567 रन बनाए हैं, जिसमें उनका औसत 63.00 है. उन्होंने 1 शतकीय पारी खेली हैं. वहीं, उन्होंने 26 वनडे मैचों में 588 रन बनाए हैं, जिसमें चार अर्धशतक शामिल हैं.
टी20 फॉर्मेट में शफाली ने 81 मैचों में 1,948 रन बनाये हैं, उनका स्ट्राइक रेट 130 से अधिक है. उन्होंने इस फॉर्मेट में 10 अर्धशतक भी लगाए हैं. एक इंटरव्यू में शफाली ने कहा, "अब मेरा मुख्य लक्ष्य टीम की जीत है. व्यक्तिगत रिकॉर्ड खेल का हिस्सा हैं, लेकिन टीम की जीत से बेहतर कुछ नहीं. जब आपकी टीम जीतती है, तब वह खुशी अद्वितीय होती है."
शफाली ने अपने खेल में मानसिक परिवर्तन की बात की. उन्होंने बताया कि पहले वह सिर्फ गेंद को हिट करने पर ध्यान केंद्रित करती थीं, लेकिन अब उन्होंने अपनी रणनीति में बदलाव किया है. वह अब कुछ गेंदों को ब्लॉक भी कर सकती हैं और खेल को बेहतर तरीके से समझती हैं. उन्होंने कहा, "जब आप अपने मानसिक दृष्टिकोण में बदलाव करते हैं, तो आप और अधिक भरोसेमंद बनते हैं. मैं इस निरंतरता को बनाए रखना चाहती हूं."
आपको बता दें, भारत ने पिछले T20 विश्व कप में सेमीफाइनल में पहुंचकर अच्छा प्रदर्शन किया था, लेकिन उन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था. इस बार भारत ने अपनी तैयारी को मजबूत किया है, लेकिन पिछले कुछ समय में उनके प्रदर्शन में अस्थिरता रही है. भारत का पहला मैच 4 अक्टूबर को न्यूजीलैंड के खिलाफ दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में होगा. शफाली वर्मा के मुताबिक पूरी टीम पूरी मेहनत कर रही हैं, ताकि वे इस बार विश्व कप की ट्रॉफी अपने नाम कर सकें. उनकी जीत की आकांक्षा सभी फैंस को प्रेरित करती है.