लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के भाषण पर शिवसेना (UBT) नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने प्रतिक्रिया देते हुए भारती जनता पार्टी (BJP) पर निशाना साधा है. प्रियंका ने कहा, "उन्होंने (राहुल गांधी), जो लोग हिंदू होने का ढोंग रचाकर अपनी राजनीति करते हैं, उनके बारे में बयान दिया है, न कि पूरे देश के हिन्दुओं को लेकर बयान दिया है. शिवसेना UBT नेता ने कहा कि उनमें (BJP) और हम में ज़मीन-आसमान का अंतर है.
वे (BJP) अपनी राजनीति के लिए हिंदू धर्म का इस्तेमाल करते हैं और हम अपनी आस्था पर विश्वास रखते हैं. वे राजनीति की आड़ में नफरत फैलाते हैं और हम प्यार और हिंदू धर्म के विचार को फैलाते हैं. राहुल गांधी यह स्पष्ट भी कर दिया है कि भाजपा हिंदू धर्म की ठेकेदार नहीं है और ना पीएम मोदी हिंदू समाज हैं. यह बयान तोड़-मड़ोकर पेश किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि उद्धव जी ने भी कई बार कहा है कि इनके हिंदुत्व में और हमारे हिंदुत्व में ज़मीन आसमान का फर्क है और बीजेपी के नेता नफरत फैलाते हैं.
संसद में हुआ था जोरदार हंगामा
बता दें कि सोमवार को नेता प्रतिपक्ष ने हिन्दू को लेकर एक बयान दिय़ा था, जिसपर हंगामा खड़ा गय था. वहीं बाद में राहुल गांधी ने स्थिति को संभालते हुए BJP और RSS के खिलाफ बयान देने की बात कही थी, लेकिन तब तक बीजेपी के कई बड़ने नेताओं ने राहुल गांधी को घेरना शुरू कर दिया था. पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आपत्ति जताई थी.
राहुल गांधी का फिर आया बयान
हालांकि आज यानी मंगलवार को जानकारी मिली है कि सदन के रिकॉर्ड से उस बयान को हटा लिया गया है. इस बीच अपने भाषण के हटाए गए अंशों पर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा, मोदी जी की दुनिया में सच्चाई को मिटाया जा सकता है लेकिन हकीकत में सच्चाई को मिटाया नहीं जा सकता है. जो मैंने कहा और जो मुझे कहना था मैंने कह दिया, वह सच्चाई है, अब उन्हें जो मिटाना है मिटाएं.