मिडिल ईस्ट में तैनात अमेरिकी नौसैनिक जहाजों पर खाद्य सामग्री की कमी, कैसे लड़ेंगे जंग?

Amanat Ansari 17 Apr 2026 05:52: PM 1 Mins
मिडिल ईस्ट में तैनात अमेरिकी नौसैनिक जहाजों पर खाद्य सामग्री की कमी, कैसे लड़ेंगे जंग?

वाशिंगटन: अमेरिका के पास भारी-भरकम सैन्य बजट है, फिर भी उसके सैनिकों की थाली में खाना नाकाफी पड़ रहा है. ईरान के साथ तनाव और युद्ध की स्थिति में मिडिल ईस्ट में तैनात अमेरिकी नौसैनिक जहाजों पर खाद्य सामग्री की कमी की शिकायतें बढ़ रही हैं. USA Today की रिपोर्ट में बताया गया है कि USS Tripoli नामक युद्धपोत पर तैनात एक महिला मरीन ने अपने पिता को एक लंच ट्रे की तस्वीर भेजी.

उस ट्रे में सिर्फ थोड़ा सा कटा हुआ मांस और एक मुड़ी हुई टॉर्टिला रखी थी, बाकी जगह लगभग खाली थी. इसी तरह, USS अब्राहम लिंकन पर भी एक डिनर की तस्वीर सामने आई, जिसमें मुट्ठी भर उबली गाजर, एक सूखी मीट पैटी और प्रोसेस्ड मांस का एक ग्रे टुकड़ा दिख रहा था. सैनिकों के परिवारों ने चिंता जताई है कि लंबी तैनाती के दौरान राशन की कमी हो रही है.

एक नाविक ने अपनी मां को संदेश में लिखा कि जब खाना मिलता है तो वे तुरंत खा लेते हैं और अगर किसी को ज्यादा मिल जाए तो बराबर-बराबर बांट लेते हैं. उसने कहा, “खाने का सामान बहुत कम बचा है. इससे हमारा मनोबल बहुत नीचे चला जाएगा.” कई परिवारों ने बताया कि उनके बच्चे “हमेशा भूखे रहते हैं” और ताजा फल-सब्जियां अब उपलब्ध नहीं हैं.

ये जहाज ईरान के बंदरगाहों की नाकेबंदी में लगे हुए हैं. USS Tripoli पर करीब 3,500 नाविक और मरीन तैनात हैं. लंबे समय से समुद्र में रहने और सप्लाई लाइन में दिक्कतों के कारण खाने-पीने की चीजों के साथ-साथ साबुन, मोजे जैसी जरूरी चीजों की भी कमी महसूस हो रही है.

परिवार वाले पैकेट भेजने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन अप्रैल से अमेरिकी डाक सेवा ने मिडिल ईस्ट के कई सैन्य क्षेत्रों में डिलीवरी रोक दी है. हवाई क्षेत्र बंद होने और लॉजिस्टिक्स की समस्याओं से ये पैकेट अपनी मंजिल तक नहीं पहुंच पा रहे.

यह स्थिति अमेरिकी सैन्य ताकत की एक अजीब तस्वीर पेश कर रही है, जहां इतने बड़े बजट के बावजूद तैनात जवानों को बुनियादी जरूरतें पूरी तरह नहीं मिल पा रही हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, इससे सैनिकों का मनोबल प्रभावित हो रहा है.

USS Abraham Lincoln aircraft USS Abraham Lincoln Iran War 2026

Recent News