प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में मंगलवार शाम सनसनीखेज हत्याकांड हो गया. समाजवादी पार्टी के जिला सचिव और पूर्व ग्राम प्रधान पवन यादव की सरेशाम गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना हंडिया थाना क्षेत्र के मुगराव गांव में हुई. पवन यादव कुछ लोगों से बातचीत कर रहे थे.
तभी बाइक सवार तीन बदमाश वहां पहुंचे. एक बदमाश ने उनकी पीठ में गोली मार दी. गोली लगते ही वे जमीन पर गिर पड़े और हमलावर मौके से फरार हो गए. घायल पवन यादव को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
हत्या की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई. परिवार में कोहराम मच गया, जबकि सपा कार्यकर्ताओं और पार्टी पदाधिकारियों में आक्रोश है. पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है. हत्या का मकसद अभी स्पष्ट नहीं हो सका है. जांच जारी है.