अगले 7 दिनों में खुल सकता है स्ट्रेट ऑफ होर्मुज! ईरान ने ट्रंप के सामने रखीं 2 बड़ी शर्तें, तनाव कम होने के संकेत

Amanat Ansari 22 Sep 2026 06:20 PM 1 Mins
अगले 7 दिनों में खुल सकता है स्ट्रेट ऑफ होर्मुज! ईरान ने ट्रंप के सामने रखीं 2 बड़ी शर्तें, तनाव कम होने के संकेत

तेहरान: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच ईरान ने वैश्विक तेल व्यापार के लिए सबसे अहम समुद्री मार्ग स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को फिर से खोलने के बड़े संकेत दिए हैं. रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार एक वरिष्ठ ईरानी अधिकारी ने बताया कि अगर अमेरिका सैन्य दबाव कम करता है और ईरानी बंदरगाहों की नाकेबंदी हटाता है, तो ईरान सात दिनों के भीतर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज खोल सकता है. ईरानी अधिकारी ने साफ कहा कि वाशिंगटन के साथ स्थिति सामान्य करने के लिए अमेरिका को ठोस कदम उठाने होंगे.

ईरान की दो मुख्य शर्तें

  • पहली शर्त- अमेरिका तुरंत ईरानी बंदरगाहों पर लगाई गई नाकेबंदी हटाए.
  • दूसरी- इस इलाके में सैन्य दबाव कम करे. इसके अलावा अमेरिका को आधिकारिक रूप से घोषणा करनी होगी कि वह इस मुद्दे का कूटनीतिक समाधान चाहता है और प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए समय सीमा तय करे.

अधिकारी ने संयुक्त राष्ट्र महासभा के मौजूदा सत्र को कूटनीति की ओर लौटने का सुनहरा अवसर बताया और कहा कि अगर अमेरिका ठोस कदम उठाता है तो तेहरान इसका स्वागत करेगा. इससे पहले रविवार को ईरान के सैन्य केंद्रीय कमान ने चेतावनी दी थी कि अगर अमेरिका क्षेत्रीय देशों के समर्थन से सैन्य अभियान दोबारा शुरू करता है तो तेहरान बिना किसी सीमा के जवाबी कार्रवाई करेगा.

ट्रंप से नहीं मिलेंगे पेजेशकियन

ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन न्यूयॉर्क पहुंचे हैं, लेकिन वरिष्ठ अधिकारी ने स्पष्ट किया कि वे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात नहीं करेंगे. इसके बजाय मध्यस्थों के जरिए बातचीत हो सकती है. तेहरान ने 16 सितंबर को ही अपना प्रस्ताव मध्यस्थों के माध्यम से अमेरिका को भेज दिया था.

UNGA में ईरानी प्रतिनिधिमंडल के पास कूटनीति फिर से शुरू करने के पूरे अधिकार हैं. यह बयान वैश्विक बाजारों और ऊर्जा सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज दुनिया के तेल व्यापार का बड़ा हिस्सा संभालता है.

Middle East tensions Iran global oil trade Hormuz Iranian ports

Recent News