टीम इंडिया के सुपरस्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव भले ही वनडे और टेस्ट क्रिकेट में उतने सफल ना हुए हो लेकिन जब बात टी20 क्रिकेट की आती है तब सूर्या का बल्ला खूब चलता है. बांग्लादेश के खिलाफ 3 मैचों की टी20 सीरीज के पहले मैच में सूर्यकुमार यादव ने 3 छक्के लगाए और इस दौरान उन्होंने बड़ा कीर्तिमान अपने नाम कर लिया.
दरअसल टीम इंडिया और बांग्लादेश के बीच 3 मैचों की टी20 सीरीज का पहला मैच ग्वालियर में खेला गया. इस मैच में टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 14 गेंदों में 29 रनों की पारी खेली, जिसमें 2 चौके और 3 छक्के शामिल थे. इस प्रदर्शन के साथ ही सूर्यकुमार ने जोस बटलर का रिकॉर्ड तोड़कर टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे अधिक छक्के लगाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं.
आपको बता दें, सूर्यकुमार यादव के अब 73 मैचों में 139 छक्के हो गए हैं. जबकि रोहित शर्मा, जो कि, छक्कों के सबसे बड़े बादशाह माने जाते हैं, रोहित के नाम 159 मैचों में 205 छक्के हैं. वहीं इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर न्यूज़ीलैंड के मार्टिन गुप्टिल ने 122 मैचों में 173 छक्के लगाए हैं. टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में तीसरे नंबर पर वेस्ट इंडीज के निकोलस पूरन हैं. पूर्ण के नाम 98 मैचों में 144 छक्के दर्ज हैं. जोस बटलर, जो पहले चौथे स्थान पर थे, अब 124 मैचों में 137 छक्कों के साथ पांचवे स्थान पर पहुंच गए हैं. इस तरह, सूर्यकुमार यादव अब निकोलस पूरन से केवल 5 छक्कों की दूरी पर हैं और ऐसा लगता है कि वह जल्द ही तीसरे स्थान पर पहुंच सकते हैं.
सूर्यकुमार यादव इस वक्त शानदार फॉर्म में हैं और फिलहाल टी20 इंटरनेशनल में बल्लेबाजों की रैंकिंग में वो दूसरे नंबर पर हैं. यदि वह इसी तरह खेलते रहे, तो वह जल्दी ही विश्व के सबसे अच्छे टी20 बल्लेबाज बन सकते हैं. गौरतलब हो बांग्लादेश के खिलाफ अभी और 2 मैच बचे हैं, जहां अगर वह इसी गति से खेलते हैं, तो भारतीय टीम की सफलता में और इजाफा होगा.