अपहरण के बाद पंजाबी सिंगर इंदर कौर की हत्या, नहर से बरामद हुआ शव, 6 दिनों से थी लापता

Amanat Ansari 19 May 2026 05:25: PM 1 Mins
अपहरण के बाद पंजाबी सिंगर इंदर कौर की हत्या, नहर से बरामद हुआ शव, 6 दिनों से थी लापता

Punjabi Singer Inder Kaur Suspicious Death: लुधियाना में पंजाबी गायिका इंदर कौर (जिन्हें यशइंदर कौर के नाम से भी जाना जाता था) की मौत ने पूरे पंजाबी म्यूजिक जगत को झकझोर दिया है. 29 वर्षीय गायिका करीब 6 दिन से लापता थीं, जिनका शव मंगलवार सुबह एक नहर में तैरता हुआ मिला.

13 मई को हुई थी गुमशुदगी

परिवार के अनुसार, 13 मई की शाम करीब 6:30 बजे इंदर कौर घर से कुछ जरूरी सामान लाने के लिए निकली थीं. काफी देर हो जाने पर जब वे वापस नहीं लौटीं, तो परिवार ने उनके मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन स्विच ऑफ मिला.  रिश्तेदारों और परिचितों के यहां खोजबीन के बाद भी जब कोई सुराग नहीं मिला, तो परिवार ने पुलिस में लापता रिपोर्ट दर्ज कराई.

परिवार ने लगाए गंभीर आरोप

मंगलवार सुबह लुधियाना की नहर से इंदर कौर का शव बरामद किया गया. शिनाख्त के बाद परिवार सदमे में है. परिजनों ने एक व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उसने इंदर कौर का अपहरण किया था और जबरन शादी के लिए दबाव डाल रहा था. परिवार का दावा है कि आरोपी ने हत्या के बाद कनाडा भाग लिया.

जांच में जुटी पंजाब पुलिस

लुधियाना पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है. घटनास्थल के आसपास के इलाकों के CCTV फुटेज और इंदर कौर के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) की जांच की जा रही है. मुख्य संदिग्ध से पूछताछ भी चल रही है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह सामने आने की उम्मीद है. पूरी पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री और उनके फैंस इस घटना से बेहद आहत हैं और सोशल मीडिया पर न्याय की मांग तेज हो गई है.

Suspicious Death Punjabi Singer Death Inder Kaur Inder Kaur murder

Recent News