PA Chandranath Rath Case : पश्चिम बंगाल की राजनीति से जुड़े चर्चित चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में अब बड़ा मोड़ आ गया है. पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या मामले की जांच अब सीबीआई (CBI) करेगी. इस फैसले के बाद राज्य की सियासत में हलचल और तेज हो गई है. जानकारी के मुताबिक, आज CBI पश्चिम बंगाल पुलिस से इस केस की आधिकारिक फाइल और सभी साक्ष्य अपने कब्जे में लेगी, इससे पहले पश्चिम बंगाल पुलिस ने खुद इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए CBI जांच की सिफारिश की थी.
पुलिस का मानना था कि मामले की निष्पक्ष और व्यापक जांच के लिए केंद्रीय एजेंसी की जरूरत है. चंद्रनाथ रथ, सुवेंदु अधिकारी के बेहद करीबी माने जाते थे और लंबे समय से उनके साथ काम कर रहे थे. ऐसे में उनकी हत्या ने न सिर्फ राजनीतिक गलियारों में सनसनी फैलाई, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए. विपक्ष लगातार इस मामले को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साध रहा है. CBI जांच शुरू होने के साथ अब उम्मीद जताई जा रही है कि हत्या के पीछे की साजिश, संभावित आरोपियों और पूरे घटनाक्रम का खुलासा हो सकेगा.
सूत्रों के मुताबिक, एजेंसी शुरुआती चरण में बंगाल पुलिस द्वारा जुटाए गए सबूतों, कॉल डिटेल्स, फॉरेंसिक रिपोर्ट और गवाहों के बयान की समीक्षा करेगी. इस मामले के CBI को सौंपे जाने के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप और तेज हो गए हैं. बीजेपी इसे न्याय की दिशा में बड़ा कदम बता रही है, जबकि विपक्ष इस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है. आने वाले दिनों में जांच के दौरान कई अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.