DMK मुख्यालय में सन्नाटा, TVK का धमाकेदार डेब्यू – त्रिशंकु की ओर बढ़ रहा तमिलनाडु

Amanat Ansari 04 May 2026 10:53: AM 1 Mins
DMK मुख्यालय में सन्नाटा, TVK का धमाकेदार डेब्यू – त्रिशंकु की ओर बढ़ रहा तमिलनाडु

चेन्नई: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के मतगणना के रुझानों में बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है. DMK मुख्यालय में माहौल बेहद निराशाजनक है. मीडिया के कैमरे के सामने एक स्टालिन समर्थक भावुक होकर रोता नजर आया, जबकि कार्यकर्ता टेंट हटाने लगे हैं. शुरुआती रुझानों में मुख्यमंत्री एमके स्टालिन की पार्टी DMK को करारा झटका लगा है. वह तीसरे स्थान पर चल रही है, जबकि अभिनेता विजय की नई पार्टी TVK ने धमाकेदार प्रदर्शन किया है.

अभिनेता विजय तिरुचिरापल्ली और पेरम्बूर दोनों सीटों पर अपनी बढ़त बनाए हुए हैं. मुख्यमंत्री स्टालिन अपनी कोलाथुर सीट पर पिछड़ते दिख रहे हैं. उनके बेटे उदयनिधि स्टालिन भी अपनी सीट पर पीछे चल रहे हैं. कई महत्वपूर्ण सीटों पर रोचक मुकाबला है. तिरुचिरापल्ली वेस्ट में TVK के उम्मीदवार ने DMK के वरिष्ठ नेता केएन नेहरू को पीछे छोड़ दिया है. कोयंबटूर साउथ में DMK के वी. सेंथिलबालाजी के साथ TVK उम्मीदवार कड़ी टक्कर दे रहे हैं.

गोबीचेट्टिपालयम सीट पर हाल ही में AIADMK छोड़कर TVK में आए दिग्गज नेता केए. सेंगोट्टैयन आगे चल रहे हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि इन रुझानों से राज्य में त्रिशंकु विधानसभा बनने की संभावना बन रही है. इस चुनाव में महिलाओं ने खासा जोर लगाया. कुल 443 महिला उम्मीदवार मैदान में उतरीं, जो अब तक का रिकॉर्ड है. हालांकि, इतिहास गवाह है कि बड़ी संख्या में उतरने के बावजूद महिलाओं को जीत मिलने में चुनौती रहती है.

1991 में 102 महिला उम्मीदवारों में से 32 जीती थीं (सबसे अच्छा प्रदर्शन), जबकि 2021 में 413 उम्मीदवारों में सिर्फ 12 ही सफल हो पाई थीं. TVK की इस पहली बड़ी परीक्षा में मिली सफलता ने पूरे राजनीतिक समीकरण बदल दिए हैं. मतगणना अभी जारी है और अंतिम नतीजों का इंतजार है.

Tamil Nadu Assembly Elections DMK Stalin Supporters Emotional; M.K. Stalin Vijay

Recent News