फर्जी पहचान पत्र बनाकर विदेशियों ने डाले वोट? तमिलनाडु में 10 गिरफ्तारी के बाद EC सख्त

Global Bharat 16 May 2026 10:58: AM 1 Mins
फर्जी पहचान पत्र बनाकर विदेशियों ने डाले वोट? तमिलनाडु में 10 गिरफ्तारी के बाद EC सख्त

चेन्नई : तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव के दौरान फर्जी मतदान का बड़ा मामला सामने आया है. चेन्नई पुलिस ने 10 विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है, जिन पर जाली भारतीय दस्तावेज बनवाकर वोट डालने का आरोप है. इस घटना के सामने आने के बाद निर्वाचन आयोग ने पूरे मामले की गंभीर जांच के आदेश दे दिए हैं.

जानकारी के मुताबिक, 23 अप्रैल को हुए विधानसभा चुनाव में इन आरोपियों ने कथित तौर पर अवैध तरीके से मतदान किया था. मामला तब उजागर हुआ जब चुनाव खत्म होने के बाद ये सभी भारत छोड़ने की कोशिश कर रहे थे. चेन्नई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन अधिकारियों को इनके दस्तावेजों पर शक हुआ, जिसके बाद जांच में बड़ा खुलासा हुआ. 

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि गिरफ्तार किए गए लोग भारतीय नागरिक नहीं हैं, लेकिन इसके बावजूद वे लंबे समय से तमिलनाडु के अलग-अलग इलाकों में रह रहे थे. आरोप है कि उन्होंने फर्जी दस्तावेजों की मदद से भारतीय पहचान पत्र तैयार करवाए और उसी आधार पर वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाकर मतदान किया. गिरफ्तार आरोपियों में चार महिलाएं भी शामिल बताई जा रही हैं. 

इमिग्रेशन विभाग ने मामले की जानकारी मिलते ही ग्रेटर चेन्नई पुलिस कमिश्नरेट में शिकायत दर्ज कराई. इसके बाद 7 मई से 14 मई के बीच अलग-अलग थानों में केस दर्ज किए गए. पुलिस अब इस नेटवर्क की जांच कर रही है कि आखिर इन विदेशी नागरिकों को फर्जी पहचान पत्र किसने उपलब्ध कराए और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं. 

निर्वाचन आयोग और सुरक्षा एजेंसियां अब पूरे मामले को राष्ट्रीय सुरक्षा और चुनावी व्यवस्था से जोड़कर देख रही हैं. जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि कहीं राज्य में और भी ऐसे विदेशी नागरिक तो नहीं हैं जिन्होंने अवैध रूप से चुनावी प्रक्रिया में हिस्सा लिया हो.

Tamil Nadu Fake Voting Foreigners Arrested EC Investigation SIR Probe Fake Voter ID

Description of the author

Recent News